नई दिल्ली : कोरोना महामारी के इलाज के लिए बनाई गई DRDO की 2DG दवा की कीमत तय (Price fix) हो गई है। इसका उत्पादन कर रही डॉ. रेड्डीज लेबोरेटरी ने शुक्रवार को बताया कि 2DG के एक पाउच की कीमत 990 रुपए रखी गई है। केंद्र और राज्य सरकारों के साथ ही सरकारी अस्पतालों को इसकी खरीद पर छूट दी जाएगी। 2-DG दवा को डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट आर्गेनाइजेशन (DRDO) की लैब इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूक्लियर मेडिसिन ने डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरी की मदद से तैयार किया है। शुरुआती ट्रायल में पता चला था कि इससे मरीज के ऑक्सीजन लेवल में भी सुधार होता है।
ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने मई महीने की शुरुआत में ड्रग 2-डीऑक्सी-डी-ग्लूकोज (2-DG) को इमरजेंसी अप्रूवल दिया था। उस समय बताया गया था कि जिन मरीजों पर इस दवा का इस्तेमाल किया गया, उनकी RT-PCR रिपोर्ट निगेटिव आई। ये दवा कोरोना मरीजों में संक्रमण की ग्रोथ रोककर उन्हें तेजी से रिकवर करने में मदद करती है।
ढाई दिन पहले ठीक हुए थे मरीज
अप्रैल 2020 में, कोविड -19 महामारी की पहली लहर के दौरान, INMAS-DRDO के वैज्ञानिकों ने हैदराबाद की सेल्युलर एंड मॉलिक्यूलर बायोलॉजी (CCMB) की मदद से 2-DG को लैब में टेस्ट किया था। स्टेंडर्ड ऑफ केयर (SoC) मानक से तुलना करें तो दवा लेने वाले मरीज दूसरे मरीजों से ढाई दिन पहले ठीक हो गए।
