नई दिल्लीः कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर का प्रकोप झेल रहे देश में अब कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी देखी जा रही है। वहीं केंद्र सरकार का कहना है कि कई राज्यों में अभी भी कोरोना एक्टिव मामलों की संख्या काफी ज्यादा है। जिसके चलते केंद्र सरकार ने मौजूदा कोविड -19 नियंत्रण दिशानिर्देशों (Corona Guidelines) को 30 जून तक बढ़ा दिया है।
कुछ राज्यों में कोरोना संक्रमण के मामलों में गिरावट
गृह मंत्रालय ने कोविड -19 नियंत्रण दिशानिर्देशों (Corona Guidelines) को 30 जून तक बढ़ाए जाने के आदेश के साथ ही कहा है कि जिन राज्यों और जिलों में कोरोना संक्रमण के मामले अब भी ज्यादा हैं वहां पर कोरोना संक्रमण को कम करने के लिए तेजी से उपाय किए जाने चाहिए।
केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने एक आदेश में कहा कि देश के कुछ राज्यों में कोरोना संक्रमण के मामलों में गिरावट देखी गई है। उनका कहना है कि कोरोना संक्रमण के नियंत्रण के उपायों को सख्ती से लागू किए जाने के कारण दक्षिण और पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों को छोड़कर देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नए और एक्टिव कोरोना मामलों में गिरावट आई है।
कोरोना नियंत्रण के उपायों को सख्ती से लागू रखे
भल्ला का कहना है कि भले ही देशभर में कोरोना संक्रमण की स्पीड बीते कुछ दिनों से कम हुई है, लेकिन अभी भी कोरोना एक्टिव केस काफी संख्या में हैं। जिसके कारण कोरोना नियंत्रण के उपायों को सख्ती से लागू रखा जाएगा। केंद्रीय गृह सचिव ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को आदेश जारी करते हुए कहा है कि स्थानीय स्थिति की आवश्यकता और संसाधनों का आकलन करने के बाद ही चरणबद्ध तरीके से पाबंदियों में रियायत देने पर विचार किया जा सकता है।
