कीव : यूक्रेन और रूस के लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच रूसी सैनिकों ने यूक्रेन की सीमा को घेरकर सैन्य अभ्यास शुरू कर दिया है। रूसी सैनिकों की तरफ से यूक्रेन बॉर्डर घेरने की खबर से यूरोप और पश्चिमी देशों में हलचल तेज हो गई है। इसी बीच खबर है कि शनिवार को जो बाइडेन रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से फोन पर बात करेंगे।
अमेरिकी सरकार के प्रतिनिधियों ने चिंता जाहिर की है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन किसी भी समय यूक्रेन पर हमले का आदेश दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि रूस ने तीन तरफ से यूक्रेन सीमा को घेर रखा है और वहां आर्मी, नेवी और एयरफोर्स को तैनात किया है।
तीन ओर से रूसी सेना ने यूक्रेन को घेरा
यूक्रेन सीमा को रूसी सैनिकों ने तीन ओर से घेर लिया है। ताजा सेटेलाइट इमेज से इसका खुलासा हुआ है। सीमा पर 550 से अधिक टेंट भी लगाए गए हैं। इसके अलावा रूस ने यूक्रेन सीमा से लगे ओजोव सागर में नौसेना अभ्यास भी शुरू कर दिया है। यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस ने इंटरनेशल वॉटर से जुड़े उसके सारे कनेक्शन काट दिए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया विभाग के अधिकारियों को इससे पहले लगा था कि व्लादिमीर पुतिन विंटर ओलिंपिक के बाद हमला करेंगे, ताकि उनके साथी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग नाराज न हों, लेकिन अब खुफिया विभाग को लगता है कि रूस 20 फरवरी को विंटर ओलिंपिक खत्म होने का इंतजार नहीं करेगा। चीन की राजधानी बीजिंग में 20 फरवरी तक विंटर ओलिंपिक खत्म होगा।
रूस पर कड़े प्रतिबंध लगा सकते हैं पश्चिमी देश
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रूस के खिलाफ सख्त चेतावनी जारी की है। कहा जा रहा है कि 24 घंटे में स्थिति समान्य नहीं होने पर पश्चिमी देश रूस पर कड़े प्रतिबंध लगा सकते हैं।
इस तनाव को देखते हुए अमेरिका, ब्रिटेन, नॉर्वे, जापान, लातविया और डेनमार्क ने अपने नागरिकों से यूक्रेन से तुरंत लौटने की अपील की है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि अभी हम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। हम अपने नागरिकों से अपील करते हैं कि वे यूक्रेन छोड़ जल्द अमेरिका आ जाएं। अमेरिकी विदेश विभाग ने 24-48 घंटे के भीतर सभी नागरिकों को वापस आने की चेतावनी दी है।
