चित्तौड़गढ़: केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो,कोटा की टीम ने चित्तौड़ जिले के बेगूं क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 7 किलो से ज्यादा अफीम जब्त की है। अपने रिहायशी मकान के एक कमरे में आरोपी ने अफीम छुपा रखी थी। NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उप नारकोटिक्स आयुक्त विकास जोशी ने बताया कि चित्तौड़ के बेगूं क्षेत्र में बड़ी मात्रा में अफीम होने की सूचना मिली थी। कोटा से गई नारकोटिक्स टीम ने नाल, बेगूं निवासी श्यामलाल (48) पुत्र प्यारचंद धाकड़ के रिहायशी मकान पर छापा मारा। मकान की तलाशी में एक कमरे से 7.550 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है। टीम में सदस्य सहायक नारकोटिक्स आयुक्त वी.एस. मीणा, अधीक्षकगण मुकेश खत्री, राजेन्द्र कुमार, निरीक्षकगण बलवन्त कुमार, पंकज कुमार, आर.के. चौधरी, अभिमन्यु शर्मा, सुजीत सहित अन्य भी शामिल थे।
