Headlines

CID ने चित्तौड़गढ़ में पकड़ी नशे की बड़ी खेप, दो ट्रक ट्रेलर से 55 लाख कीमत का 305 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद

CID ने चित्तौड़गढ़ में पकड़ी नशे की बड़ी खेप, दो ट्रक ट्रेलर से 55 लाख कीमत का 305 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद

जयपुर। CID जयपुर की टीम ने NCB अजमेर की टीम के साथ समन्वय स्थापित कर गुरुवार को चित्तौड़गढ़ जिले में सदर थाना क्षेत्र के ओछ्ड़ी टोल नाका पर नाकाबंदी में ट्रक ट्रेलरों से 55 लाख रुपए कीमत का 305 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। विशाखापट्टनम से गांजे की तस्करी कर तस्कर भीलवाड़ा ले जा रहे थे।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध डॉ रवि प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर श्रवण नाथ पुत्र उदा नाथ योगी (26), परमेश सेन पुत्र भैरू जी सेन (24), मोती नाथ पुत्र शंकर नाथ (32) एवं कमलेश नाथ पुत्र सूखा नाथ (25) गांव दामनिया तहसील मांडलगढ़ थाना काछोला जिला भीलवाड़ा के रहने वाले हैं। जिन्होंने पूछताछ में ट्रेलर मालिक आमली भीलवाड़ा निवासी शंकर सिंह शक्तावत के लिए विशाखापट्टनम से गांजा तस्करी कर लाना बताया।

एडीजी डॉ प्रकाश ने बताया कि तस्करों की सूचना पर शंकर सिंह की गिरफ्तारी के लिए टीम ने संभावित स्थान पर दबिश दी, मगर वह भनक लगते ही फरार हो गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कई सालों से हर महीने 2 बार विशाखापट्टनम ग्रेनाइट का पत्थर लेकर जाते हैं और वहां से आते वक्त टेलर मालिक के कहने पर गांजा लेकर आते हैं। शंकर सिंह ₹2000 प्रति किलो के हिसाब से गांजा मंगवा कर ₹15000 प्रति किलो तक बेच देता है।

डीआईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि इस पर चारों तस्करों को गिरफ्तार कर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो में एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। इस संपूर्ण कार्रवाई में सीआईडी क्राइम ब्रांच के हेड कांस्टेबल शंकर दयाल शर्मा व कांस्टेबल रविंद्र सिंह की अहम भूमिका रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *