नई दिल्ली: आयकर विभाग के इनकम टैक्स(Income Tax) रिटर्न दाखिल करने का नया पोर्टल जून में शुरू करने की उम्मीद है। पुराने पोर्टल से नए पोर्टल पर ट्रांजिशन का ऑर्डर विभाग दे चुका है। विभाग का कहना है कि नया पोर्टल काफी आसान होगा।
6 दिन बंद रहेगी पुरानी वेबसाइट
आयकर रिटर्न दाखिल करने की मौजूदा वेबसाइट 1 जून से 6 जून तक बंद रहेगी। आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभाग की सिस्टम्स विंग ने ट्रांजिशन ऑर्डर जारी कर दिया है। इन्हीं 6 दिन में पुराने पोर्टल से नए पोर्टल पर जाने का काम निपटाया जाएगा। इसलिए इस अवधि में ना तो आयकर अधिकारी और ना ही करदाता इस पुराने पोर्टल का उपयोग कर सकेंगे।
इनकम टैक्स रिटर्न फाइलिंग का नया पोर्टल 7 जून से लाइव हो जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पुराने पोर्टल www.incometaxindiaefiling.gov.in के स्थान पर नया पोर्टल www.incometaxgov.in लॉन्च होगा।
बीते वित्त वर्ष 2020-21 के आखिरी दिन 31 मार्च को आयकर विभाग के मौजूदा ई-रिटर्न फाइलिंग पोर्टल पर बड़ी तकनीकी खराबी आई थी। ऐसे में नया पोर्टल लॉन्च करने की ये खबर काफी अहम है।
नए पोर्टल पर आसान होंगे ये काम
आयकर विभाग ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि नए ई-फाइलिंग पोर्टल का उपयोग व्यक्तिगत करदाता या बिजनेस कैटेगरी के करदाता दोनों कर सकेंगे, इतना ही नहीं नए पोर्टल पर उन्हें रिफंड को लेकर शिकायत दर्ज करने या कर विभाग से जुड़े अन्य काम करने की सहूलियत भी मिलेगी।
आखिरी डेट भी 30 सितंबर तक बढ़ा दी है
इसी के साथ केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने कोरोना के हालातों को देखते हुए आयकर रिटर्न दाखिल करने की आखिरी डेट भी 30 सितंबर तक बढ़ा दी है।इसके साथ कई और कंप्लायंस की आखिरी डेट को भी आगे खिसकाया गया है।
