मुंबई: क्रूज ड्रग्स केस में फंसे बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की 27 दिन बाद आखिरकार जेल से रिहाई हो गई है। वे सुबह 11 बजे आर्थर रोड जेल से बाहर आए। उन्हें लेने के लिए पिता शाहरुख खान खुद आर्थर रोड जेल पहुंचे थे। वहां से निकल शाहरुख और आर्यन मन्नत यानी अपने घर पहुंचे। उधर मन्नत के बाहर भी आर्यन के इंतजार में फैंस की भीड़ जमा है। भीड़ को काबू में रखने के लिए पुलिस भी मुस्तैद है। आर्यन का परिवार उनके घर वापस आने से बेहद खुश है।
सेलेब्स ने जताई खुशी
आर्यन खान की घर वापसी ने बॉलीवुड का दिल खुश कर दिया है। बॉलीवुड के सेलेब्स ट्वीट कर अपनी खुशी जता रहे हैं। उर्मिला मातोंडकर ने ट्वीट कर शाहरुख को बधाई दी है।
आर्थर रोड जेल की जमानत पेटी आज सुबह 5.30 बजे खोली गई, जिसके बाद आर्यन की जमानत के कागज जेल के अंदर पहुंच गए। वहीं आर्यन के दोस्त अरबाज की रिहाई शाम तक हो पाएगी। अरबाज के पिता असलम मर्चेंट ने खुद ये जानकारी दी है।
दरअसल शुक्रवार देर शाम आर्यन का जमानती ऑर्डर जेल की जमानत पेटी में पहुंच चुका था, लेकिन शाम 5.30 बजे तक जेल अधिकारियों के पास नहीं पहुंच पाया था। सेशन कोर्ट से जमानत के कागजात लेकर वकील सतीश मानशिंदे खुद आर्थर रोड जेल के लिए रवाना हुए थे, लेकिन उन्हें पहुंचने में देरी हो गई। इससे पहले, एक्ट्रेस जूही चावला ने सेशन कोर्ट पहुंचकर आर्यन के बेल बॉन्ड पर साइन किए थे।