लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 1,02,399 मतों के अंतर से चुनाव जीत गए हैं। उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा के चुनाव के लिए मतगणना जारी है। अब तक के रूझानों में बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ प्रदेश में वापसी करती हुई नजर आ रही है। यूपी में दोबारा वापसी लगभग तय हो जाने के बाद अब पार्टी में जश्न की तैयारी भी शुरू हो गई है। आज शाम प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
यूपी में 37 साल बाद रिपीट हो रही सरकार
उत्तर प्रदेश में 37 साल बाद सरकार रिपीट होती दिख रही है। इससे पहले आखिरी बार 1985 में कांग्रेस ने सत्ता में दोबारा वापसी की थी। तब कांग्रेस को 425 में से 269 सीटें मिली थीं। उस समय यूपी विधानसभा में 425 सीटें हुआ करती थीं। उसके बाद अब जाकर फिर कोई सरकार रिपीट हो रही है। बीजेपी ने 2017 के चुनावों में भी 325 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी।
इन राज्यों में बीजेपी की वापसी तय
5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी की वापसी लगभग तय मानी जा रही है। उत्तर प्रदेश में बीजेपी दोबारा वापसी कर चुकी है। 403 सीटों वाली विधानसभा में बीजेपी को बहुमत मिलता दिख रहा है।
यूपी के अलावा उत्तराखंड में भी बीजेपी की वापसी दिख रही हैं। 70 सीटों वाली उत्तराखंड विधानसभा में बीजेपी 48 सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा गोवा की 40 में से 19 सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है।
