दौसा: जिला मुख्यालय के गुप्तेश्वर रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से एक युवती को किडनैप करने का मामला सामने आया है। अपहरण की सूचना मिलते ही डिप्टी एसपी कालूराम मीणा, कोतवाली प्रभारी लाल सिंह यादव व महिला थाना प्रभारी राजेंद्र मीणा ने जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार से घटनाक्रम की जानकारी ली। इस संबंध में युवती के पिता ने महिला थाने में 4-5 लोगों के खिलाफ जबरन अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रामखिलाडी मीणा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया है कि वह सुबह 9 बजे घर से दूध लेने के लिए बाजार गया था। इस दौरान उसकी पत्नी का फोन आया कि वैन सवार 4-5 लोग उसे कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगाकर बेटी हेमलता का अपहरण कर ले गए। इस पर युवती का पिता ने जल्दी से घर पहुंचा और पुलिस को घटनाक्रम की सूचना दी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी भी कराई थी, लेकिन सुराग नहीं लगा।
आरोपी पहले भी कर चुका है किडनैप
युवती के पिता ने कमलेश मीणा समेत कई अन्य पर किडनैप का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट में बताया है कि आरोपी पूर्व में उसकी बेटी का अपहरण कर चुका है, जिसके खिलाफ जयपुर व दौसा में प्रकरण दर्ज हैं। युवती के पिता ने उसकी बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए दस्तयाब करने की मांग की है। आरोपी कमलेश मीणा के खिलाफ पूर्व में भी जयपुर व दौसा में एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिली है, मामले की जांच कर रहे हैं।
