नागौर: नागौर जिले के मेड़ता शहर में आवारा सांड के हमले से एक व्यापारी की जान पे बन आई। रविवार सुबह मेड़ता शहर स्थित हाफिज साहब की दरगाह के सामने वाले इलाके में अचानक एक आवारा सांड ने पैदल जा रहे किराना व्यापारी पर हमला बोल दिया। सांड ने व्यापारी को सींग से उठाने के बाद हवा में उछाला और जमीन पर पटक दिया। इसके बाद सांड वहां से भाग गया।
सूरज तेली पुत्र राजू सोलंकी ने बताया कि मेड़ता शहर स्थित हाफिज साहब की दरगाह के सामने उसके पिता की किराने की दूकान है। रविवार सुबह करीब पौने 12 बजे उसके पिता राजू सोलंकी किसी काम से वहां एक दूसरी दूकान पर पैदल जा रहे थे। तभी वहां खड़े एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें सींग में उठाकर जोर से जमीन पर पटका और उनके शरीर में नुकीले सींग घुसा दिए। इसके बाद सांड वहां से भाग गया। इस घटना में उसके पिता राजू सोलंकी को बेहद गंभीर चोटें आई है। फिलहाल वो अजमेर JLN हॉस्पिटल में एडमिट है।
हमले से घायल हुआ व्यापारी दर्द के मारे बुरी तरह कराहता रहा। स्थानीय लोगों ने व्यापारी को मेड़ता हॉस्पिटल भिजवाया। जहां से उसे अजमेर रैफर कर दिया गया। व्यापारी के बेटे ने बताया किउसके पिता वहां स्थित अपनी दूकान के सामने स्थित एक दूकान पर जा रहे थे। ये दिल दहला देने वाली घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
इस घटना के बाद कई लोगों ने नगरपालिका और प्रशासन के इंतजामों पर सवाल खड़े किये है। उनका कहना है कि आवारा पशुओं के आतंक से ऐसी घटनाएं अब आम हो चली है। ऐसे हमलों में अब तक कई घरों के चिराग बुझ चुके है। लेकिन अधिकारी व्यवस्थाएं सुधारने का प्रयास नहीं कर रहे है।
