कोटा : कांग्रेस पार्टी अपने दो दिवसीय चिंतन शिविर में जहां अपने विधायकों को विधानसभा सत्र में विपक्ष से निपटने एवं रणनीति सिखाने के गुर सिखाएगी। वही पार्टी के ही कोटा जिले के सांगोद के विधायक एवं पूर्व मंत्री भरत सिंह विधानसभा सत्र के दिन ही कोटा कलेक्ट्रेट के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे। पूर्व मंत्री एवं कोटा जिले के सांगोद से विधायक भरत सिंह ने बताया कि दिनांक 9 फरवरी को दिन में 11:00 बजे जयपुर में विधानसभा का सत्र प्रारंभ होगा। इसी दिन जिला कलेक्टर कोटा कार्यालय पर एक दिवसीय धरना दिया जाना प्रस्तावित किया है।
विधायक भरत सिंह ने बताया कि यह प्रदर्शन ग्राम खान की झोपड़ियां को कोटा जिले में शामिल करवाने की मांग को लेकर धारण दिया जायेगा। खान की झोपड़ियां कोटा जिले की सीमा में बारां जिले का एक गांव है, इस गांव की सीमा में खनन माफिया बड़े पैमाने पर अवैध खनन करता है। यह मांग कोटा जिले की सीमा से होने वाले बारां जिले का गांव होने के कारण कोटा जिला प्रशासन के नियंत्रण में नहीं है। उन्होंने कहा कि वह संभागीय आयुक्त व बारां प्रशासन तथा राजस्थान सरकार को खान की झोपड़ियां को कोटा जिले में शामिल कराने के लिए ज्ञापन समय-समय प्रस्तुत कर चुका हूं, भ्रष्ट व्यवस्था में सही कार्य करवाना सहज नहीं होता।
इसी मांग पर इस गांव को कोटा जिले में शामिल करने को लेकर ध्यान दिलाने हेतु यह धरना और प्रदर्शन किया जायेगा। विधायक भरत सिंह ने बताया कि धरने के दौरान भ्रष्टाचार के रावण का पुतले का दहन होगा, उन्होंने आम जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन व रावण दहन में आहुति देने का आह्वान किया।

