Headlines

नागौर संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर सांसद बेनीवाल ने की केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात

बेनीवाल

नई दिल्ली : राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संयोजक व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके आवास पर मुलाकात की। सांसद बेनीवाल ने नागौर शहर में बीकानेर सड़क की तरफ रेलवे क्रॉसिंग के आगे से राजकीय जिला अस्पताल तक 6.2 किलोमीटर फोरलेन सड़क के लिए वितीय स्वीकृती को जल्द से जल्द जारी करने की मांग की। गौरतलब है कि सांसद बेनीवाल की मांग पर उक्त घोषणा केंद्रीय मंत्री गडकरी ने की थी। सांसद बेनीवाल ने कहा कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर विभिन्न सरकारी कार्यालयों, जिला अस्पताल, हवाई पट्टी व ओद्योगिक क्षेत्र आदि को देखते हुए 6.2 किलोमीटर फॉर लेन सड़क मय डिवाइडर व रोड़ लाइट आदि के कार्यो की वितीय स्वीकृति जल्द से जल्द जारी करना अत्यंत जरूरी है।

यह था मामला

बीकानेर रेलवे क्रॉसिंग के पास मोड़ से बीकानेर की तरफ 6.2 किलोमीटर फोरलेन सड़क मय डिवाइडर बनाने के लिए सांसद बेनीवाल के निर्देश के बाद विभाग ने 18 करोड़ से अधिक राशि का तकमीना बनाकर दिया। जिस पर सांसद बेनीवाल ने तकमिने के साथ मंत्री गडकरी को प्रस्ताव भेजा। जिस पर राजस्थान से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं के लोकापर्ण के दौरान केंद्रीय सड़क,परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद बेनीवाल का नाम लेते हुए उनकी मांग के क्रम में स्वीकृती करने की घोषणा की थी।

इन कार्यों की भी मांग की

सांसद हनुमान बेनीवाल ने केंद्रीय मंत्री गडकरी को नागौर से जोधपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित खींवसर कस्बे में पदमसर चौराहे पर आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए फ्लाईओवर बनाने की मांग की। साथ ही नागौर शहर में विजय वल्लभ चौक से मुंडवा तिराहा होते हुए मानासर तक फोर लेन सड़क मय डिवाइडर, रोड़ लाइट की स्वीकृति जारी करने तथा नागौर शहर में मानासर तथा बीकानेर रेलवे क्रॉसिंग पर वर्षो से लंबित ओवर ब्रिज के कार्यो को जल्द से जल्द पूर्ण करने की भी मांग की। सांसद हनुमान बेनीवाल ने मंत्री को अवगत कराया कि इन दोनों पुलियों के लंबित कार्यो के कारण जनता को परेशानी हो रही है। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने सांसद को सभी कार्यों की जल्द स्वीकृति निकालने का आश्वासन दिया साथ ही तत्काल मंत्रालय के अधिकारियो को दूरभाष पर निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *