सवाई माधोपुर : छह दिन पहले टूरिस्ट गाड़ियों के बीच घुसकर कुत्ते का शिकार करने वाली बाघिन सुल्ताना ने रविवार को टूरिस्ट्स का पीछा किया। रणथंभौर की टाइगर सफारी में हुई इस घटना में ड्राइवरों ने सूझबूझ दिखाते हुए बैकगियर में टूरिस्ट जिप्सियों को पीछे दौड़ा दिया, जिससे खतरा टल गया।
रविवार सुबह जोन नंबर-1 में सिंहद्वार के आसपास टाइगर सफारी के दौरान बाघिन टी-107 (सुल्ताना) नजर आई। बाघिन को देखने के लिए मौके पर दो टूरिस्ट गाड़ियां थम गईं। अचानक सुल्ताना आक्रामक हो उठी और दोनों जिप्सियों के पीछे भागने लगी। जिप्सियों के ड्राइवरों ने करीब 100 मीटर तक बैक गियर में गाड़ी दौड़ाई और पर्यटकों की जान बचाई। थोड़ी देर जिप्सियों के पीछे दौड़ने के बाद बाघिन रुक गई।
बाघिन की मॉनिटरिंग
सवाई माधोपुर, रणथंभौर बाघ परियोजना के सीसीएफ टीसी वर्मा ने बताया कि रविवार सुबह की पारी के दौरान जोन एक में बाघिन ने कुछ दूरी तक टूरिस्ट गाड़ी के पीछे दौड़ लगाई थी। विभाग की ओर से बाघिन की मॉनिटरिंग कराई जा रही है।
