Headlines

भीषण हादसा : कार के उड़े परखच्चे, देशनोक माता के दर्शन करने जा रहे थे 5 दोस्त, 2 की मौत

CHURU

चूरू: चूरू में NH-11 पर रविवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप और कार की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। कार सवार पांचों दोस्त देशनोक करणी माता के दर्शन करने के लिए जा रहे थे। सुबह करीब 8:30 बजे राजलदेसर के जोरावरपुरा फांटा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर मौके पर पिकअप छोड़कर फरार हो गया। हादसे में कार सवार पांच लोगों में दो युवकों की मौत हो गई। घायल तीन युवकों को गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव कार में ही फंसे रह गए। शवों और घायलों को निकालने के लिए कार के पुर्जे काटने पड़े।

थानाधिकारी महेंद्र कुमार सैन ने बताया कि हादसे में तारपुरा दादिया निवासी कार सवार सत्यनारायण जाट और प्रमोद कुमार जाट की मौत हो गई। घायल साथी नरेंद्र स्वामी, महिपाल मेघवाल व कुंदन को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। एक्सीडेंट में मरने वाला प्रमोद कुमार जाट एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। उसकी पत्नी राजस्थान पुलिस सेवा में काम करती है। उसका एक बेटा है। वहीं, मृतक सत्यप्रकाश गांव में ही निजी स्कूल में टीचर है।

collage2 1639911466

टक्कर के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत कर कार के गेट और छत को तोड़कर कार में फंसे पांचों दोस्तों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में घायलों को एम्बुलेंस की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर्स ने सत्यनारायण और प्रमोद को मृत घोषित कर दिया। घायल तीनों दोस्त नरेंद्र, महिपाल व कुंदन को भर्ती किया गया। पुलिस ने पिकअप को जब्त कर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रूके ट्रैफिक को चालू करवाया।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *