Headlines

ACB ने पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ऑफिस में रीजनल ऑफिसर और जूनियर इंजीनियर को घूस लेते पकड़ा

जयपुर : ACB टीम जयपुर ने आज भरतपुर में पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड कार्यालय में रीजनल ऑफिसर एचआर कसाना और जूनियर इंजीनियर राजेश सैनी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। ACB पहले भी एचआर कसाना के ऑफिस में छापा मार चुकी है। उस समय ऑफिस से 1 लाख रुपए मिले थे। परिवादी त्रिलोक नाथ शर्मा का ईंट के भट्टों का कारोबार है। इसके लिए उन्हें पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड से दो एनओसी लेनी थी।

पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड द्वारा एनओसी जारी नहीं की जा रही थी। इस काम के एवज में एचआर कसाना 35 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहा था। वहीं जूनियर इंजीनियर राजेश सैनी ने दो एनओसी पास करने के लिए 10 हजार रुपए की डिमांड की थी। ACB के एडिशनल एसपी नरोत्तम वर्मा ने बताया कि गुरुवार को परिवादी ने ACB मुख्यालय जयपुर में शिकायत दी थी। शुक्रवार के दिन शिकायत का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन सही होने पर शाम को कार्रवाई की गई। पकड़े गए आरोपियों के अन्य ठिकानों पर तलाशी ली जाएगी।

एचआर कसाना पर पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

चार महीने पहले भी भरतपुर ACB ने पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के रीजनल ऑफिसर के ऑफिस में छापा मारा था। तब तलाशी के दौरान एचआर कसाना के मोजों से 1 लाख रुपए बरामद किए थे। उनकी दराज से 50 हजार रुपए मिले थे। ACB ने उन पैसे के बारे में पूछा तो एचआर कसाना ने बताया था कि वह पैसे सरसों बेचने पर मिले हैं।

जब उनसे व्यापारी का नाम पूछा तो वह न तो व्यापारी का नाम बता पाए और न ही सरसों के बेचने की कोई रसीद दिखा पाए। कसाना के घर से एक ऑडी कार भी बरामद की गई थी। कार की कीमत करीब 80 लाख रुपए बताई गई थी। इस मामले में कसाना को एसीबी ने हिरासत में लेकर आय से अधिक संपत्ति मामले में पूछताछ की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *