Headlines

बॉम्बे हाईकोर्ट ने ड्रग्स मामले में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को मिली बेल

मुंबई: क्रूज ड्रग्स केस में मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद आर्यन खान समेत बाकी तीनो आरोपियों को गिरफ्तारी के 26वें दिन हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। 2 नवंबर को उनके पिता शाहरुख खान का जन्मदिन है। इसलिए कोर्ट के आदेश को शाहरुख के लिए एडवांस बर्थडे गिफ्ट माना जा सकता है। वे अब बेटे आर्यन के साथ बर्थडे मना पाएंगे। हालांकि, उन्हें आज की रात जेल में ही बितानी पड़ेगी। बॉम्बे हाईकोर्ट में दोपहर 3 बजे शुरू हुई सुनवाई के बाद शाम को 4.45 पर कोर्ट ने फैसला सुनाया। हालांकि अदालत से आदेश की कॉपी न मिलने के कारण तीनों को शुक्रवार या शनिवार तक रिहा किया जाएगा।

NCB ने जमानत का विरोध किया
बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस मामले में फैसला सुनाया। आरोपियों की जमानत का विरोध करते हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) अनिल सिंह ने NCB की तरफ से दलीलें दीं, लेकिन कोर्ट ने आरोपियों को जमानत दे दी।

ASG ने कोर्ट से कहा कि आर्यन को जमानत मिलने पर सबूतों से छेड़छाड़ की जा सकती है। आर्यन पिछले कुछ सालों से रेगुलर ड्रग्स ले रहे हैं। रिकॉर्ड से पता चलता है कि वे कई लोगों को ड्रग्स अवेलबल कराते रहे हैं। जिस तादाद में ड्रग्स की मात्रा मिली है, उससे साफ है कि वह ड्रग स्मगलरों के कॉन्टैक्ट में रहे हैं।

आर्यन के पास से नहीं मिली ड्रग्स : रोहतगी
सुनवाई के दौरान आर्यन खान के वकील और पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी ने कोर्ट में कहा था कि आर्यन खान की कस्टडी का कोई कारण नहीं दिया गया है। इसके साथ ही आर्यन के पास से ड्रग्स की रिकवरी भी नहीं हुई है, ऐसे में उनकी गिरफ्तारी पूरी तरह गलत है। मंगलवार को बहस के दौरान रोहतगी ने तर्क दिया था कि आर्यन यंग बॉय है इसलिए उसे जेल के बजाय सुधार गृह में भेजा जाना चाहिए। 23 वर्षीय आर्यन को NCB ने एक क्रूज शिप पार्टी पर छापे के बाद 3 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *