Headlines

पंजाब कांग्रेस में डैमेज कंट्रोल करने के लिए सिद्धू को मनाने चंडीगढ़ पहुंचे हरीश चौधरी

अमृतसर : पंजाब कांग्रेस में चल रही उथल-पुथल के बीच डैमेज कंट्रोल की कमान राजस्थान के राजस्व मंत्री और पंजाब कांग्रेस के ऑब्जर्वर हरीश चौधरी ने संभाल ली है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफा देते ही हरीश चौधरी जयपुर से चंडीगढ़ पहुंच गए है। हरीश चौधरी चंडीगढ़ में पार्टी के नेताओं से मिलकर वहां की उथल पुतल को शांत करने में लग गए हैं। नवजोत सिंह सिद्धू को मनाने के साथ दूसरे विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है।

पंजाब में मुख्यमंत्री बदलने के लिए हरीश चौधरी और अजय माकन को हाईकमान ने ऑब्जर्वर बनाकर भेजा था। अजय माकन दिल्ली लौट आए थे, लेकिन हरीश ने नए सीएम चरणजीत सिंह चन्नी की पूरी कैबिनेट बनने तक चंडीगढ़ और दिल्ली में ही रुके। हरीश चौधरी राहुल गांधी के नजदीकी माने जाते हैं, पंजाब कांग्रेस के पूरे घटनाक्रम पर राहुल गांधी को पल-पल की रिपोर्ट दे रहे हैं। हरीश चौधरी इससे पहले पंजाब के प्रभारी रह चुके हैं।

पंजाब में सिद्धू के इस्तीफे के बाद से ही कांग्रेस पार्टी में हलचले तेज होगयी थी। इस बार प्रदेश प्रभारी हरीश रावत चंडीगढ़ नहीं गए हैंं। बताया जाता है कि एक रणनी​ति के तहत ऐसा किया गया है। हरीश रावत की जगह हरीश चौधरी को चंडीगढ़ भेजा गया है और अभी वे ही कांग्रेस हाईकमान को पूरी रिपोर्ट दे रहे हैं। उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू से संपर्क किया है, सिद्धू के नजदीक नेताओं से भी बैठकें चल रही हैं। अभी तक सिद्धू माने नहीं हैं। कांग्रेस की रणनीति फिलहाल सिद्धू और उनके समर्थकों को मनाने में लगी है। सिद्धू अगर इस्तीफा देने पर अड़े रहे तो प्लान-B के बारे में सोचा जायेगा। फिलहाल कांग्रेस हाईकमान की रणनीति के हिसाब से स्थानीय स्तर पर मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन विवाद अब तक बरकरार है।

पंजाब की उठा-पटक से हरीश चौधरी की प्रतिष्ठा जुड़ी
पंजाब के घटनाक्रम में हरीश चौधरी की पर्दे के पीछे से भूमिका मानी जाती है। बताया जाता है कि हरीश चौधरी ने पंजाब में नेतृत्व परिवर्तन के पूरे घटनाक्रम को अंजाम तक पहुंचाने की काफी पहले से तैयारी की थी। वे इस मामले में राहुल गांधी से लगातार संपर्क में थे। कैप्टन अमरिंदर सिंह को सीएम पद से हटाने के बाद भी नवजोत सिंह सिद्धू का प्रदेशाध्यक्ष पद से इस्तीफे के घटनाक्रम ने राहुल गांधी से लेकर पूरी कांग्रेस के लिए अजीब स्थिति पैदा कर दी है।

चौधरी ने कहा था- राजस्थान के हालात पंजाब से अलग
हरीश चौधरी ने नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे से एक दिन पहले ही जयपुर में कहा था कि पंजाब और राजस्थान की राजनीतिक परिस्थितियों में अंतर है। पंजाब में विधायक कैप्टन अमरिंदर सिंह से नाराज थे, जबकि राजस्थान में 100 से ज्यादा विधायक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ हैं। इस बयान के अगले ही दिन पंजाब में फिर कलह शुरू हो गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *