नागौर: नागौर के नोखा बाइपास पर एक तूफान जीप और ट्रेलर के बीच भीषण टक्कर हुई। यह हादसा मंगलवार सुबह नागौर स्थित श्रीबालाजी के पास मंगलवार सुबह हुआ। इस भीषण हादसे में मध्यप्रदेश के 11 लोगों की मौत हो गई है, 7 की हालत गंभीर है। हादसे के बाद हाईवे पर काफी लंबा जाम लग गया है। सभी मृतक MP के उज्जैन जिले के सजनखेड़ाव दौलतपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मरने वालों में 8 महिलाएं और 3 पुरुष हैं। बताया जा रहा है कि 12 सीटर जीप(तूफान) में 18 लोग सवार थे। ये सभी लोग रामदेवरा में दर्शन करने के बाद देशनोक करणी माता के दर्शन कर मध्य प्रदेश जा रहे थे। इस बीच नागौर से नोखा की तरफ जा रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी।
नागौर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रीबालाजी के पास हुए भीषण सड़क हादसे में कई लोगो के दिवगंत हो जाने व घायल हो जाने के दुःखद समाचार प्राप्त हुए ! ईश्वर दिवगंत जनो की आत्मा को अपने श्री चरणों मे स्थान प्रदान करें व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें !
— HANUMAN BENIWAL (@hanumanbeniwal) August 31, 2021
8 की मौके पर ही मौत
बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे ट्रेलर ने जीप को टक्कर मार दी। यह हादसा इतना दर्दनाक था कि मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई। तीन लोगों ने अस्पताल जाते वक्त दम तोड़ दिया। इनमें कई लोगों के शव जीप में ही फंसे रहे। हादसे के दौरान स्थानीय लोग वहां पहुंचे और पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया।
राजस्थान के नागौर में हुआ भीषण सड़क हादसा अत्यंत दुखद है। जिन लोगों को इस दुर्घटना में जान गंवानी पड़ी है, मैं उन सभी के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) August 31, 2021
सीएम ने दुःख प्रकट किया
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दुर्घटना पर दुःख प्रकट करते हुए कहा है कि नागौर के श्रीबालाजी क्षेत्र में नागौर-बीकानेर रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में एमपी लौट रहे 11 दर्शनार्थियों की मृत्यु अत्यंत दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें इस बेहद कठिन समय में सम्बल दें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है।
