-
आमजन को कोरोना से बचाव के लिए करेंगे जागरूक
जयपुर। राजस्थान रोडवेज की ओर से 7 से 17 मई तक ‘रोडवेज कोरोना जन अनुशासन जागरूकता अभियान’ (‘Roadways Corona Public Discipline Awareness’ campaign) चलाने का निर्णय लिया गया है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक राजेश्वर सिंह ने बताया कि राजस्थान में आमजन को कोरोना से बचाव के लिये महामारी रेड अलर्ट जन अनुशासन पखवाड़ा प्रारम्भ किया गया। राजस्थान रोडवेज इस जनआंदोलन का भाग बनने के लिए तैयार है।
इसके लिये राजस्थान रोडवेज द्वारा 7 से 17 मई तक ‘रोडवेज कोरोना जन अनुशासन जागरूकता’ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इस प्रयास में राजस्थान रोडवेज सोशल मीडिया पर कोरोना जन अनुशासन जागरूकता अभियान चलायेगा।
सिंह ने आगे बताया कि इस पहल के तहत कोरोना रोकथाम के लिये बस स्टैण्ड तथा बस में ‘No Mask No Entry’ की पालना सुनिश्चित की जावेगी। रोडवेज के कार्यालय, बस स्टैण्ड, वर्कशॉप एवं सभी परिसरों का सैनिटाइजेशन सोडियम हाईपोक्लोराईड सॉल्यूशन से किया जाएगा। इस दौरान रोडवेज का समस्त फिल्ड स्टाफ फेस शील्ड, मास्क, ग्लब्ज, थर्मल स्केनर की जांच का उपयोग बिना किसी लापरवाही के करेंगे। अभियान के दौरान राजस्थान रोडवेज के सभी बस स्टैण्डों पर पब्लिक अनाउन्समेन्ट सिस्टम के जरिये भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
