-जिला कलेक्टर ने बटन दबाकर चालू किया प्लांट
– हवा से प्रतिदिन बनाई जाएगी 150 सिलेंडर क्षमता की आक्सीजन
बीकानेर। कोरोना के गंभीर मरीजों के इलाज के लिए ऑक्सीजन की आवश्यकता से जुड़ी किसी भी चुनौती से निपटने के मद्देनजर जिला कलेक्टर नमित मेहता ने शनिवार देर रात ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट का उद्घाटन किया।
मेहता ने सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में स्थापित किए गए इस पहले आक्सीजन जेनरेशन प्लांट का बटन दबाकर आक्सीजन बनाए जाने की प्रक्रिया की शुरुआत की।
इस जेनरेशन प्लांट के जरिए वातावरण से ऑक्सीजन जनरेट कर आक्सीजन की एमसीएच विंग में प्रत्यक्ष सप्लाई की जा सकेगी। कालेज प्राचार्य ने बताया कि इस प्लांट से प्रतिदिन डेढ़ सौ से अधिक सिलेंडर क्षमता तक ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा सकेगी । इसे डीएमएफटी फंड के जरिए लिया गया है। इस प्लांट की लागत एक करोड़ रुपए से अधिक की है। प्लांट 4 दिन पहले ही बीकानेर पहुंचा था।
एमसीएच विंग का लिया जायजा
जिला कलेक्टर मेहता ने देर रात कोरोना डेडीकेटेड एमसीएच विंग का जायजा लेते हुए व्यवस्थाएं देखी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा नर्देश दिए । एमसीएच विंग में स्थापित किए गए वार रूम और हेल्प डेस्क की जानकारी ली और राउंड द क्लोक तैनात अधिकारियों की ड्यूटी की भी जांच की।
