मुंबई :12 विधायकों के निलंबन पर बीजेपी और सदन से सस्पेंड किए जाने पर आशीष शेलार ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने तो तालिबान को भी शर्मिंदा कर दिया है। स्पीकर के चैंबर में शिवसेना के विधायकों द्वारा गाली गलौज कि गयी। फिर हमनें स्पीकर की मर्यादा का ख्याल करते हुए माफी मांग ली। आशीष शेलार ने कहा कि शिवसेना के लोगों में मेरा सामना करने की हिम्मत नहीं है। मैं सिर्फ छगन भुजबल द्वारा पीएम मोदी को लेकर कही गई बातों को ठीक करने की कोशिश कर रहा था।
आशीष शेलार ने कहा कि आपने नो बॉल पर मेरा विकेट ले लिया है। मैं मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन का अध्यक्ष रहा हूं अब मैं सदन के बाहर दोनों हाथों से बॉलिंग करूंगा।
हमारा संघर्ष जारी रहेगा-फडणवीस
बीजेपी विधायकों के निलंबन पर नेता प्रतिपक्ष और पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि सरकार ने विधायकों के हंगामे की झूठी कहानी बनाई और हमारे 12 विधायकों को निलंबित कर दिया। फडणवीस ने कहा कि विधायकों की कार्यवाहक स्पीकर से कुछ तीखी बहस हुई थी लेकिन हमारे वरिष्ठ सदस्य आशीष शेलार ने सभी विधायकों की तरफ से कार्यवाहक स्पीकर से माफी मांगी। लेकिन बाद में सरकार ने हमारे विधायकों को सस्पेंड करने की योजना के साथ आई। कहा कि हमारा संघर्ष जारी रहेगा।
बता दें कि सदन में ओबीसी आरक्षण पर चर्चा के दौरान विपक्ष ने हंगामा किया था। विपक्ष का आरोप था कि कार्यवाहक स्पीकर ने विपक्ष को बोलने का पर्याप्त मौका नहीं दिया। इसके बाद विपक्ष ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया।
