Headlines

कोविड की चुनौती के बीच जोधपुर में विकास कार्योें का लोकार्पण एवं शिलान्यास

Inauguration and foundation stone of development works in Jodhpur amid the challenge of covid

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कोविड महामारी की गंभीर चुनौती के बीच भी राज्य सरकार ने प्रदेशवासियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ गुड गवर्नेंस देने का प्रयास किया है। जनता से किये गये वादों को हमारी सरकार पूरे संकल्प के साथ धरातल पर उतार रही है। हमारा प्रयास है कि विकास के जो भी काम प्रारंभ हो, वे तय समय सीमा में पूरे हों।

विकास कार्योें का लोकार्पण एवं शिलान्यास

सीएम गहलोत गुरूवार को मुख्यमंत्री निवास से जोधपुर विकास प्राधिकरण के माध्यम से जोधपुर में कराये जा रहे 27 विकास कार्यों एवं योजनाओं का वर्चुअल लोकार्पण, शिलान्यास और शुभारम्भ कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने करीब 135 करोड़ 56 लाख रूपये की लागत के 9 विकास कार्यो का लोकार्पण एवं 3 आवासीय योजनाओं का शुभारम्भ तथा 17 करोड़ 64 लाख रूपये की लागत से 15 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिन कार्यों की आज नींव रखी गयी है वे सभी निर्धारित समयावधि में पूरे हों।

रिफाइनरी से रोजगार मिलेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि 40 साल पहले जोधपुर सामान्य शहर था। न समुचित रेल सुविधाएं थी ना एयर कनेक्टिविटी। पानी की गंभीर समस्या थी। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के अलावा कोई उच्च स्तरीय शिक्षण संस्थान यहां नहीं था, लेकिन हमारे सतत् प्रयासों से जोधपुर की तस्वीर बदल गयी है। आज यहां एम्स, आईआईटी, निफ्ट और राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय जैसे उच्च कोटि के संस्थान हैं। पचपदरा में बन रही रिफाइनरी से जोधपुर और आस-पास के क्षेत्रों को रोजगार की दृष्टि से बड़ा लाभ मिलेगा।

कोविड का बेहतरीन प्रबंधन

गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार करीब 15 महीने से कोरोना महामारी के संकट का सामना कर रही है। सभी वर्गों का साथ लेकर हमने कोविड का बेहतरीन प्रबंधन किया है राज्य के विकास को भी प्रभावित नहीं होने दिया है। राजस्व अर्जन पर कोविड के विपरीत प्रभाव के बावजूद जनहित से जुड़ी हुई परियोजनाओं को तेजी से क्रियान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को इलाज के भारी भरकम खर्च से मुक्त करने के लिए हमारी सरकार ने 3500 करोड़ रूपये का वित्तीय भार वहन कर मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की है, जो स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से मील का पत्थर साबित होगी। लोग आवश्यक रूप से इस योजना में पंजीयन करवायें।

निशुल्क वैक्सीनेशन की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड प्रबंधन के साथ-साथ राज्य सरकार ने वैक्सीनेशन में भी देशभर में मिसाल कायम की है। हमने 18-44 वर्ष आयुवर्ग के लिए 3 हजार करोड़ रूपये की लागत से निशुल्क वैक्सीनेशन की घोषणा की है, लेकिन केन्द्र सरकार से वैक्सीन की समुचित आपूर्ति नहीं होने के कारण वैक्सीनेशन का काम प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि संक्रमण से बचाव और तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए जल्द से जल्द वैक्सीनेशन होना बेहद जरूरी है। ऐसे में केन्द्र सरकार वैक्सीन की आपूर्ति के लिए एकरूप नीति अपनाते हुए ठोस कदम उठाए।

मुख्यमंत्री के प्रयासों से जोधपुर आज महानगर

विधानसभा अध्यक्ष एवं राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के मुख्य संरक्षक डाॅ. सीपी जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रयासों से जोधपुर आज महानगर के रूप में बदल गया है। केन्द्र में मंत्री रहते हुए उन्होंने जोधपुर को रेल और हवाई सुविधाओं से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किये। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से जोधपुर के बरकतुल्ला खां स्टेडियम का रिनोवेशन करवाया जा रहा है। इससे मारवाड़ क्षेत्र में भी अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के आयोजन का सपना साकार होगा।

शांति धारीवाल ने कहा

नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत के दूरदर्शी विजन से प्रदेशभर में आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण और सौन्दर्यीकरण का कार्य संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि आज जिन कार्यों का शिलान्यास किया गया है, उन्हें पूरी गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा किया जाएगा।

खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर विस्तार

आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर खेल सुविधाओं का विस्तार कर रही है। जोधपुर के बरकतुल्लाह खां स्टेडियम का भी 20 करोड़ रूपये की लागत से रिनोवेशन करवाया जा रहा है। इससे यहां बीसीसीआई के मापदण्डों के अनुरूप सुविधाओं का विकास होने के बाद इंटरनेशनल और आईपीएल जैसे क्रिकेट मैचों का आयोजन हो सकेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *