रावलपिंडी : न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पाकिस्तान का दौरा रद्द कर दिया है। कीवी क्रिकेट बोर्ड ने रावलपिंडी में पहला वनडे शुरू होने से 30 मिनट पहले यह फैसला लिया। इस दौरे पर 3 वनडे और 5 टी-20 मैच खेले जाने थे। न्यूजीलैंड को टीम की सुरक्षा से जुड़ा इंटेलिजेंस अलर्ट मिला था। अब टीम को जल्द से जल्द पाकिस्तान से निकालने की तैयारी हो रही है।
इमरान खान ने की थी न्यूजीलैंड की PM से बात
पाकिस्तान ने इस दौरे को बचाने की पूरी कोशिश की। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न को फोन कर सुरक्षा का पूरा आश्वासन देने का वादा भी किया। इमरान ने कहा कि पाकिस्तान के पास दुनिया का सबसे अच्छा इंटेलिजेंस सिस्टम है और कीवी टीम के ऊपर किसी भी तरह का खतरा नहीं है। हालांकि उनका आश्वासन भी काम नहीं आया और न्यूजीलैंड ने दौरा रद्द करने का फैसला ले लिया।
The BLACKCAPS are abandoning their tour of Pakistan following a New Zealand government security alert.
Arrangements are now being made for the team’s departure.
More information | https://t.co/Lkgg6mAsfu
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) September 17, 2021
होटल से बाहर नहीं आईं दोनों टीमें
पहला वनडे मैच भारतीय टाइमिंग के अनुसार दोपहर 3 बजे से शुरू होना था, यानी टॉस दोपहर 2.30 बजे होना था, लेकिन दोनों टीमों में से कोई भी टीम होटल से बाहर नहीं आई। खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को होटल में ही रुकने को कहा गया।
अफगानिस्तान संकट के कारण खतरा बढ़ा
हाल ही में तालिबान ने अफगानिस्तान की सत्ता हासिल कर ली है। इसके बाद से पाकिस्तान में भी सुरक्षा को लेकर खतरा पैदा हो गया है। टी-20 वर्ल्ड कप से पहले इंग्लैंड को भी पाकिस्तान का दौरा करना है। अब देखना है कि इंग्लैंड टीम आती है या नहीं।
