जम्मू : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों ने एक रेल पुलिसकर्मी को गोली मार कर हत्या कर दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वानपोह के स्टेनफोर्ड स्कूल के सामने आतंकियों ने रेलवे में कांस्टेबल बंटू शर्मा के ऊपर फायरिंग की। गोली लगने के बाद घायल अवस्था में बंटू को अस्पतला ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
अंनतनाग के जीएमसी डॉक्टर कबाल सोफी ने बताया कि अस्पताल लाए जाने से पहले ही शर्मा की मौत हो चुकी थी। बेटे की शहादत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। उधर, हमलावरों की तलाश में इलाके की घेराबंदी कर अभियान चलाया जा रहा है। इससे पहले रविवार को आतंकियों ने श्रीनगर में घात लगाकर सब इंस्पेक्टर अर्शीद अहमद की हत्या की थी।
गौरतलब है कि बैखलाहट के चलते आतंकी संगठनों ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। वह हिट एंड रन के साथ-साथ ग्रेनेड हमलों को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं ताकि सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाया सकें। इतना ही नहीं ऐसी घटनाओं को ओवर ग्राउंड वर्करों (ओजीडब्ल्यू) और हाइब्रिड आतंकियों द्वारा अंजाम दिया जा रहा है ताकि अगर उनमें से कोई मारा या पकड़ा भी जाता है तो आतंकी संगठनों को ज़्यादा बड़ा धक्का न लगे।
