जयपुर : विधानसभा में शून्यकाल के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जमीन जिहाद का मुद्दा उठाया। मालपुरा से भाजपा विधायक कन्हैयालाल ने कहा कि मालपुरा अतिसंवेदनशील कस्बा है। यहां 1950 से लेकर अब तक हुए सांप्रदायिक दंगों में 100 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। मालपुरा में समुदाय विशेष के लोगों ने जमीन जिहाद चला रखा है। इसके तहत हिंदुओं की जमीन महंगे दामों में खरीदी जाती हैं और फिर आसपास के लोगों को परेशान किया जाता है।
सरकार समय रहते करे कार्यवाही
विधायक कन्हैयालाल ने कहा कि मालपुरा में जमीन जिहाद के कारण हालात खराब हो चुके हैं। समुदाय विशेष के लोग हिंदू परिवारों को प्रताड़ित कर रहे हैं। मालपुरा से अब तक 600 से ज्यादा हिंदू परिवारों का पलायन हो चुका है। पिछले दिनों प्रताड़ित लोगों ने मालपुरा एसडीएम को ज्ञापन देकर जमीन जिहाद रोकने की मांग की तो ज्ञापन लेने तक से इनकार कर दिया गया। सरकार को इस मामले में समय रहते ही कार्यवाही करनी चाहिए। अन्यथा हालात विस्फोटक हो जाएंगे।
बता दें कि मालुपरा में हिंदू परिवारों के पलायन का मुद्दा भाजपा पहले भी उठा चुकी है। भाजपा नेताओं ने हाल ही में मालपुरा का दौरा करके फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट प्रदेशाध्यक्ष को दी थी।
