जयपुर। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को हवन के माध्यम से रोकने के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार ने घर-घर गायत्री यज्ञ अभियान के अन्तर्गत रविवार को जूम एप के माध्यम से ऑनलाइन यज्ञ करवाया। करीब 80 परिवारों के 200 सौ से अधिक श्रद्धालुओं ने घर बैठे यज्ञ में भागीदारी की। दुर्गापुरा स्थित चेतना केन्द्र से सुशील शर्मा ने विधिवत रूप से यज्ञ करवाया। लोगों ने मोबाइल और लेपटॉप पर जूम एप पर जुड़कर यज्ञ किया। एक ही समय करीब 200 सौ लोगों ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर विश्व कल्याण और कोरोना महामारी से बचाने की कामना की। गायत्री परिवार जयपुर के समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि लोग गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं से हवन और संस्कार करवाना चाहते हैं मगर कोरोना के कारण अब यह संभव नहीं है। ऐसे में हम जूम एप के माध्यम से यज्ञ करवा रहे है। लोगों को यह प्रयोग बहुत अच्छा लग रहा है।
गायत्री परिवार के इस अभियान से कोई भी व्यक्ति जुड़कर घर बैठे यज्ञ कर सकता है। उधर, नवरात्र अनुष्ठान भी ऑनलाइन संपन्न हो रहा है। सामान्यतया शक्तिपीठों और चेतना केन्द्रों में सामूहिक जप होते रहे हैं। कई कार्यकर्ता शांतिकुंज हरिद्वार जाकर नौ दिवसीय गायत्री महामंत्र का लघु अनुष्ठान करते हैं। यह आयोजन भी अब ऑनलाइन हो रहा है। व्हाटसप पर प्रतिदिन के कार्यक्रमों की समयवार सूचना प्रेषित कर दी जा रही है। इसके अन्तर्गत सुबह चार से रात साढ़े नौ बजे तक कई गतिविधियां होती है। गायत्री मंत्र का जप, ध्यान, यज्ञ प्रमुख है। गायत्री परिवार की प्रतिदिन की गोष्ठी भी जूम एप पर संपन्न हो रही है।