Headlines

प्रदेश को जरूरत के अनुरूप हो वैक्सीन की आपूर्ति: मुख्यमंत्री

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान कोविड वैक्सीनेशन के प्रबंधन में शुरूआत से ही अग्रणी रहा है। हमारा प्रयास है कि कोविड की तीसरी लहर की आशंका को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की अधिकाधिक आबादी का जल्द से जल्द टीकाकरण हो। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार योजनाबद्ध रूप से प्रदेश को जरूरत के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन की आपूर्ति सुनिश्चित करे।

सीएम गहलोत बुधवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो काॅन्फ्रेंस के जरिए प्रदेश में वैक्सीनेशन कार्यक्रम की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में वैक्सीनेशन को अभियान के रूप में लेते हुए लोगों को पहली डोज लगाई गई। इन लोगों को दूसरी डोज भी समय पर लग सके, इसके लिए वैक्सीन की समुचित उपलब्धता जरूरी है। उन्होंने कहा कि जुलाई माह में प्रदेश में करीब 75 लाख लोगों को दूसरी डोज लगाई जानी है, लेकिन राजस्थान को जुलाई के पहले पखवाड़े में केवल 65 लाख 20 हजार डोज ही आवंटित की जानी है। गहलोत ने कहा कि केन्द्र सरकार राजस्थान में वैक्सीनेशन की गति के अनुरूप ही वैक्सीन की आपूर्ति सुनिश्चित करे, ताकि लोगों को दूसरी डोज समय पर लगाई जा सके।

वैक्सीन के आवंटन के दिशा-निर्देशों में बदलाव की जरूरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से प्रदेश में जुलाई माह में वैक्सीन के आवंटन में 75 प्रतिशत हिस्सा सरकारी चिकित्सालयों तथा 25 प्रतिशत हिस्सा निजी अस्पतालों के लिए निर्धारित किया गया है, जबकि प्रदेश में अब तक हुए वैक्सीनेशन में निजी अस्पतालों की भागीदारी केवल 2 प्रतिशत रही है। ऐसे में वैक्सीन के आवंटन के दिशा-निर्देशों में भी बदलाव की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों और देश के कई राज्यों में तीसरी लहर के मामले सामने आने लगे हैं। इसको देखते हुए तेजी से वैक्सीनेशन होना जरूरी है। विशेषज्ञों का कहना है कि बिना वैक्सीनेशन के तीसर लहर को नहीं रोका जा सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को जितनी मात्रा में वैक्सीन आवंटित हो रही है, उसकी लगभग शत-प्रतिशत डोज लगाई जा चुकी है। उन्होंने आशा जाहिर की कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, डाॅक्टर और नर्सिंगकर्मी शत-प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल कर राजस्थान को टीकाकरण के काम में अव्वल स्थान पर लाने में सफल होंगे।

डेल्टा प्लस म्यूटेंट का संक्रमण

गहलोत ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान वायरस के डेल्टा म्यूटेंट के घातक प्रसार के बाद अब देश के कुछ हिस्सों से डेल्टा प्लस म्यूटेंट का संक्रमण बढ़ने की सूचनाएं आ रही है। इस चिंताजनक स्थिति के प्रति शुरूआत से ही सतर्क रहना होगा और इससे निपटने के लिए आवश्यक तैयारी अभी से ही सुनिश्चित करनी होंगी।

चिकित्सा मंत्री डाॅ. रघु शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग कोविड-19 संक्रमण की तीसरी लहर को लेकर सजग है। प्रदेश के अस्पतालों में निरन्तर चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *