Headlines

15 CHC और एक सैटेलाइट अस्पताल उपजिला चिकित्सालय में क्रमोन्नत,854 नवीन पदों का होगा सृजन

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश के 15 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं एक राजकीय सैटेलाइट अस्पताल को उप जिला चिकित्सालय में क्रमोन्नत किये जाने एवं इनके लिए 854 नवीन पदों के सृजन तथा 15 मैन विद मशीन की सेवाएं लेने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

प्रस्ताव के अनुसार, जयपुर के शाहपुरा, बस्सी, जमवारामगढ़, फागी, सीकर के फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, दौसा के लालसोट, जोधपुर के सालावास, जैसलमेर के पोकरण, नागौर के मकराना, परबतसर, अलवर के भिवाड़ी, बहरोड़, पाली के बाली एवं बारां के मांगरोल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा जयपुर में चाकसू के राजकीय सैटेलाइट अस्पताल को उप जिला चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया जाएगा।

इन पदों पर स्वीकृति

मुख्यमंत्री ने इन क्रमोन्नत अस्पतालों के लिए वरिष्ठ विशेषज्ञ के 29, कनिष्ठ विशेषज्ञ के 68, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी के 19, चिकित्साधिकारी के 47, चिकित्साधिकारी डेन्टल का 1, नर्स श्रेणी प्रथम के 42, नर्स श्रेणी द्वितीय के 341, फार्मासिस्ट के 20, रेडियोग्राफर संवर्ग के 49, लैब टेक्नीशियन संवर्ग के 43, डेंटल टेक्नीशियन के 4, नेत्र सहायक के 3, फिजियोथैरेपिस्ट के 3, कनिष्ठ लेखाकार के 2, कनिष्ठ/वरिष्ठ सहायक के 24, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के 16, वार्ड बॉय के 76 एवं सफाई कर्मचारी के 67 पदों सहित कुल 854 नवीन पदों के सृजन एवं 15 मैन विद मशीन की सेवायें लेने की स्वीकृति दी है।

उल्लेखनीय है कि गहलोत ने वर्ष 2021-22 की बजट घोषणा में विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को उप जिला अस्पताल में क्रमोन्नत करने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से प्रदेश में आमजन को बेहतर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी तथा कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए आधारभूत चिकित्सकीय ढाँचा मजबूत होगा। साथ ही नवीन पदों के सृजन से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *