जयपुर : बनीपार्क में चाय की थड़ी पर हुए अजय यादव की हत्या कर फरार हुए दो शूटरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक शूटर मुकेश यादव ने एक दिन पहले आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने चौथे फरार शूटर बलजिंदर सिंह की भी पहचान कर ली है। वह पंजाब का रहने वाला है। चारों शूटर अजय यादव की हत्या कर स्कूटी से ही फरार हो गए थे।
एडिशनल कमिश्नर अजयपाल लांबा ने बताया कि वीरेंद्र सिंह उर्फ बिल्लू पुत्र लच्छूराम निवासी चूरू और आशीष शेखावत उर्फ अक्षय सिंह पुत्र दशरथ सिंह निवासी फुलेरा जयपुर को गिरफ्तार किया है। वीरेंद्र मेन शूटर है और पांच्यावाला करणी विहार में रहता है। वहीं अक्षय झोटवाड़ा में तारानगर में रहता है। उन्होंने बताया कि जयराज सिंह, प्रवीण कुमार, जय सिंह यादव, राजेंद्र यादव को पहले ही गिरफ्तार कर चुके है। 21 सितम्बर को सूत कालोनी में चाय की थड़ी पर अजय यादव की मुकेश यादव, वीरेंद्र चौधरी, आशीष, बलजिंदर ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। फायरिंग होने पर भागने लगा तो उसका पीछा कर नीचे गिराया। उसके सिर पर बड़े पत्थर से पटक कर मारा था।
यूं पहुंचे अजय यादव की कार तक
पुलिस को जांच में पता लगा कि बदमाशों ने अजय यादव की हत्या करने के लिए पहले गाड़ी में जीपीएस लगा दिया था। जीपीएस लगाने के बाद बिल्लू चौधरी के मोबाइल पर ट्रेक कर रहे थे। वे जीपीएस से ही गाड़ी की लगातार लोकेशन सर्च कर रहे थे। वे उसका पीछा कर रहे थे। कई बार अजय यादव का परिवार गाड़ी में होता था जिससे वह अजय की हत्या नहीं कर पाए थे। 21 को दोपहर अजय घर से निकला तो जीपीएस से पीछा करते हुए आए। वहां पर अजय पर फायरिंग कर हत्या कर दी थी।
चौथा शूटर बलजिंदर 4 सितम्बर को ही पंजाब से जयपुर आ गया था। वह बिल्लू के घर पर ही रुका था। बिल्लू ने अपने दोस्त आशीष को मुंबई से बुला लिया था। हत्या में शामिल दोनों स्कूटी बिल्लू ही लेकर आ गया था। हत्या के लिए तीन पिस्टल व दो देशी कट्टे भी बिल्लू व मुकेश यादव लेकर आए थे। मुकेश यादव के जीजा राजेंद्र यादव ने हत्या के लिए अजय यादव की रेकी की थी।
