जयपुर : दीपावली पर बदमाश को पकड़ने गई पुलिस टीम पर एक हार्डकोर बदमाश ने अपने साथियों के साथ गाड़ी चढ़ाकर मारने का प्रयास किया। इसमें एक कांस्टेबल जख्मी हो गया। उसके सिर व हाथ में चोटें आई हैं। मामले में जवाहर नगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और राजकार्य में बाधा उत्पन्न करने का मुकदमा दर्ज करवाया है। इस संबंध में जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में क्राइम ब्रांच की स्पेशल टीम (सीएसटी) के हैड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह यादव ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जिसकी जांच खुद थानाप्रभारी पन्नालाल कर रहे है।
हार्डकोर बदमाश के आसपास होने की मिली सूचना
रिपोर्ट में हैडकांस्टेबल सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि वे रूपचतुर्दशी (छोटी दीपावली) को रात 12 बजे बदमाशों की धरपकड़ में लगे हुए थे। वे सादा वर्दी में मोटरसाइकिल पर सवार थे। तभी हार्डकोर बदमाश मनीष सैनी के पंचवटी सर्किल, आदर्श नगर के आसपास घूमने की सूचना मिली। इस पर हैड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, हैडकांस्टेबल महिपाल और कांस्टेबल राजवीर मौके पर पहुंचे। वहां पंचवटी सर्किल के पास रात दो बजे के आसपास मनीष सैनी एक कार में नजर आया। वह खुद गाड़ी चला रहा था। उसके साथ आगे अक्षय सैनी और पीछे सीट पर दो युवक बैठे थे।
पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने का प्रयास किया
पुलिस टीम ने मनीष को देखते ही कार को रोकने का ईशारा किया। तब मनीष ने कार रोकने के बजाए तेज रफ्तार में कार को पुलिस टीम की तरफ दौड़ाया। मनीष ने पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने की कोशिश की। इससे बचने के लिए इधर उधर दौड़े। जिसमें कांस्टेबल राजवीर जख्मी हो गया। उसके कई जगह चोटें आई। घटना के बाद मनीष, अक्षय और उनके दोनों साथी कार से भाग निकले। घटना का पता चलने पर जवाहर नगर थानाप्रभारी पन्नालाल मौके पर पहुंचे। नाकाबंदी भी करवाई। लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज की गई।