जयपुर : राजस्थान टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (REET-2021) को लेकर सोमवार को राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका लगाई गई है। याचिका में मांग की गई है कि REET परीक्षा में हुई धांधली की सीबीआई जांच हो और जांच में पेपर लीक पाया जाये तो पुनः REET परीक्षा करवाई जाए।
REET भर्ती परीक्षा की निष्पक्ष जांच के लिए मधु कुमारी नागर व अन्य ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई है। कुल 5 अभ्यर्थियों की ओर से हाई कोर्ट में याचिका पेश की गई है। अभ्यर्थियों की ओर से अधिवक्ता राम प्रताप सैनी ने याचिका पेश की है। अधिवक्ता राम प्रताप सैनी ने याचिका में बताया कि REET परीक्षा-2021 की CBI से निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में पेपर लीक पाया जाता है तो REET परीक्षा-2021 पुन: कराई जाए। इस मामले में संभवत: इसी सप्ताह हाई कोर्ट में सुनवाई हो सकती है।
वही, जयपुर निवासी भागचन्द शर्मा की ओर से भी याचिका लगाई गई है, जिसमे केंद्रीय जांच एजेंसी से मामले की जांच और तब तक रिजल्ट पर स्टे लगाने की मांग की गई है। भागचन्द शर्मा की ओर से एडवोकेट दिनेश कुमार गर्ग और एडवोकेट दीपक कुमार कैन मामले में याचिकाकर्ता की ओर से पैरवी कर रहे हैं। इस याचिका में राज्य सराकार के चीफ सेक्रेटरी, प्रिंसिपल सेक्रेटरी एलीमेंट्री एजुकेशन, सेक्रेटरी, बोर्ड ऑफ एजुकेशन और कॉर्डिनेटर रीट को पार्टी बनाया गया है।
