Headlines

BJP युवा मोर्चा प्रदेशभर में रीट परीक्षा धांधली को लेकर करेगा आंदोलन

BJP युवा मोर्चा प्रदेशभर में रीट परीक्षा धांधली को लेकर करेगा आंदोलन

जयपुर : भाजयुमो रीट परीक्षा में धांधली, पेपर लीक मामले की सीबीआई से जांच करवाने और प्रदेश के शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा को बर्खास्त करने की मांग को लेकर आज सड़कों पर आंदोलन करेगा। प्रदेश भर में उपखंड स्तर पर BJP युवा मोर्चा धरना और विरोध प्रदर्शन कर आंदोलन शुरू करेगा। बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में सीकर में दोपहर करीब 12 बजे से प्रदर्शन रखा गया है। जबकि प्रदेश के सभी जिलों में उपखंड स्तर पर युवा मोर्चा संयोजक अपने-अपने लेवल पर यूथ टीम के साथ विरोध प्रदर्शन करेंगे।

लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़

बीजेपी युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा ने आरोप लगाया है कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। पेपर लीक होबे के बावजूद मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। कांग्रेस राज में नकल माफिया पनप गया है। सभी परीक्षाओं के पेपर राजस्थान में लीक हो रहे हैं,क्योंकि सरकार वीक है। बीजेपी इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रही है,तो सरकार उससे क्यों घबरा रही है।

डोटासरा को बर्खास्त करने की मांग

हिमांशु शर्मा ने कहा कि प्रदेश के शिक्षा राज्यमंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा को जिम्मेदारी लेते हुए अब तक इस्तीफा दे देना चाहिए था। वो इस्तीफा देने को तैयार नहीं है, ऐसे में मुख्यमंत्री से हम मांग करते हैं कि डोटासरा को पद से बर्खास्त करें। उन्होंने कहा मैं खुद शिक्षा राज्यमंत्री और पीसीसी चीफ गोविन्द सिंह डोटासरा के होम डिस्ट्रिक्ट सीकर से आज इस आंदोलन की शुरूआत कर रहा हूँ। इसके साथ ही राजस्थान के सभी जिलों के उपखंडों पर बीजेपी युवा मोर्चा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा और जिला कलक्टर को ज्ञापन भी दिए जाएंगे।

जयपुर में यहां होंगे उपखण्ड स्तर पर धरने प्रदर्शन

बीजेपी युवा मोर्चा के जयपुर जिला प्रभारी रामेश्वर छाबा और जिलाध्यक्ष आशीष चौपड़ा के नेतृत्व में जयपुर देहात दक्षिण के बस्सी में मुकेश चौधरी, चाकसू में भरत सिंह, दूदू में गिरिराज अलावत, फुलेरा सांभर तहसील में गौरव कुमावत को आंदोलन का जिम्मा सौंपा गया है। जबकि जयपुर देहात उत्तर में जिलाध्यक्ष भगवान सहाय के नेतृत्व में आमेर में भगवान सहाय और रमेश निठारवाल, जमवारामगढ़ में राजेन्द्र बुनकर, पावटा में सिद्धार्थ कसाना, विराटनगर में महेश हलसर, चौमूं में राजेन्द्र यादव और कमल बोम्लया, कोटपूतली में प्रवीण बंसल और पुष्कर शर्मा को आंदोलन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *