जोधपुर : जोधपुर जिले में पुलिस की जीप ने एक 12 साल के बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा बुरी तरह से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसके बाद पीछे चल रही दूसरी पुलिस की जीप में घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस तस्करों का पीछा कर रही थी। इसकी वजह से हादसा हुआ। जबकि पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जीप एस्कॉर्ट में थी।
मामला माता का थान थाना क्षेत्र स्थित भदवासिया का है। राधेश्याम (12) साइकिल लेकर एक तरफ खड़ा था। तभी थाना क्षेत्र की एक जीप तेज स्पीड में आते हुए उसे उड़ा दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं राधेश्याम बुरी तरह से घायल हो गया। घटना के बाद वहां भीड़ जमा हो गई। इस पर पीछे चल रही एक ओर पुलिस जीप में बच्चे को मथुरा दास माथुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
राधेश्याम के दादा छवरलाल ने बताया कि उनका पोता साइकिल लेकर एक दुकान की साइड में खड़ा था। पुलिस की गाड़ी बजरंग चला रहा था। इसी दौरान तेज स्पीड में आ रही गाड़ी ने उनके पोते को टक्कर मारते हुए 15 से 20 फीट उछल कर गिर गया। दादा ने गाड़ी चला रहे पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्ती कार्रवाई करने की मांग की।
हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने पुलिस की गाड़ी को वहीं पर रुकवा दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस तस्करों का पीछा कर रही थी। इसी वजह से गाड़ी स्पीड में थी। ऐसे में उन्हें बच्चा भी नहीं दिखा और टक्कर मार दी। यह पूरा घटनाक्रम एक सीसीटीवी में भी कैद हो गया। जबकि पुलिस अधिकारी यह दावा कर रहे हैं कि वे किसी बड़े अधिकारी की गाड़ी को एस्कॉर्ट कर रहे थे। पुलिस की यह गाड़ी किसे एस्कॉर्ट कर रही थी यह भी पुलिस अधिकारी नहीं बता रहे हैं।
