भरतपुर: REET पेपर लीक मामला पूरे प्रदेशभर में गूंज रहा है। विधानसभा से लेकर सड़को तक REET पेपर लीक की गूंज सुनाई दे रही है। इसी दौरान बुधवार को भरतपुर दौरे पर पहुंचे राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग को ABVP के कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग के काफिले को काले झंडे दिखाए। प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया और 3 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। डॉ. सुभाष गर्ग बुधवार को भरतपुर अटलबंध क्षेत्र स्थित एसबीके गर्ल्स स्कूल के एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे।
ABVP कार्यकर्ता नितेश हंतरा ने आरोप लगाया कि राजस्थान सरकार की सह पर रीट परीक्षा समेत तमाम परीक्षाओं के पेपर लीक और गड़बड़ी की जा रही है। जब तक रीट परीक्षा गड़बड़ी की जांच सीबीआई को नहीं सौंपी जाएगी विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं राज्य मंत्री डॉ सुभाष गर्ग के काफिले को काले झंडे दिखाने पर ABVPके तीन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्यकर्ताओं को रिहा नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
