जयपुर/ टोंक: प्रदेश के पूर्व उप मुख़्यमंत्री सचिन पायलट टेरिटोरियल आर्मी की युद्ध और फील्ड ऑपरेशन में पहने जाने वाली यूनिफॉर्म के बाद अब 51 फीट का साफा बांधकर चर्चा में है। सचिन पायलट ने 51 फीट लंबा साफा करीब डेढ़ मिनट में बांध सभी को हैरत में डाल दिया। इसका वीडियो उनके समर्थक लगातार शेयर कर रहे हैं। आपको बता दें की इससे पहले पायलट 20 सैकेंड में साफा बांधते नजर आ चुके हैं और ये वीडियो काफी वायरल हुआ था।
जानकारी के अनुसार पायलट रविवार को टोंक के धांस गांव के दौरे पर थे। यहां गांव में विकास के काम मंजूर होने पर गांव के लोगों ने 51 फीट लंबा साफा बांध उनका स्वागत किया। इसके बाद पायलट ने रिकॉर्ड 1 मिनट 46 सैकंड में 51 फीट लंबा साफा खुद बांधकर ग्रामीणों को हैरत में डाल दिया। पायलट ने बाद में साफा पास ही खड़े बुजुर्ग ग्रामीण समर्थक के सिर पर बांध दिया। पायलट ने ग्रामीणों के सामने 51 फीट लंबा साफा दक्षता से बांधकर ग्रामीणों के बीच उनके जैसा होने का अहसास करवाया। फील्ड दौरों में सभी नेता साफे बंधवाते हैं,लेकिन इतना लंबा साफा कम ही पहनाया जाता है।
पायलट ने केन्द्र सरकार पर साधा निशाना
सचिन पायलट ने केंद्र सरकार पर निशाना साधने के साथ गहलोत सरकार की तारीफ की। पायलट ने कहा, प्रदेश में कांग्रेस सरकार का गठन हुए तीन साल हो गए हैं। इन तीन साल में सरकार ने आमजन के विकास कामों में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। जो काम रह गए हैं उन्हें आने वाले दो सालों में पूरा किया जाएगा। विकास में संसाधनों की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा उनके राज राज में महंगाई बढ़ गई है। पेट्रोल-डीजल के दाम निरंतर बढ़ रहे हैं। रोजमर्रा की चीजों के दाम आसमान छूने लगे है। आम आदमी का जीना दूभर हो गया है और जब केन्द्र सरकार से इस बारे में जवाब मांगते है तो भाजपा के लोग जाति-धर्म की बात करके लोगों को बरगलाने का काम करते हैं।
