Headlines

जन अनुशासन पखवाड़े को और सख्त करने की हो रही है कवायद

  • सम्पूर्ण निजी बसों के ब्रेक लगाने और शादियों में संख्या 20 तक करने सहित कई कड़े फैसले की हो रही तैयारी 
  • नई गाइडलाइन में 15 दिन के कर्फ्यू विस्तार सहित कई और सख्तियों की तैयारी

जयपुर : राजस्थान में कर्फ्यू लगने के बाद भी कोरोना मामलों में कमी नहीं आई है। कोरोना के मामले 12 दिन में ही ढाई गुना हो चुके हैं। कोरोना की इस रफ्तार को देखते हुए राजस्थान सरकार अब कोरोना कर्फ्यू कम लॉकडाउन को 15 दिन तक बढ़ाने पर विचार कर रही है। एक्सपर्ट ने 15 दिन के सख्त कर्फ्यू कम लॉकडाउन का सुझाव दिया है। राजस्थान में 3 मई तक मिनी लॉकडाउन है। 3 मई के बाद भी लॉकडाउन जैसी पाबंदियों को कम से कम 15 दिन और बढ़ाने की तैयारी है। ऐसे में 18 मई तक मौजूदा लॉकडाउन जैसी पाबंदियां बढ़ना तय माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की नियमित कोरोना समीक्षा बैठकों में कोर ग्रुप में शामिल अफसरों ने कर्फ्यू में लगी पाबंदियों की सख्ती से पालना करवाने पर जोर दिया है। केंद्र सरकार ने भी ज्यादा मामलों वाले क्षेत्रों में लॉकडाउन का सुझाव दिया है। राजस्थान में 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री ने वीकेंड कर्फ्यू लगाने का फैसला किया। इसके बाद 18 अप्रैल को 19 अप्रैल से 3 मई तक पूरे प्रदेश में कर्फ्यू लगाकर लॉकडाउन जैसी पाबंदियां लगाईं। बीच में गाइडइलाइन में संशोधन कर पाबंदियों को और बढ़ाया गया।

एक्सपर्ट बोले- कर्फ्यू आगे बढ़ाना ही होगा, इसके अलावा कोई रास्ता नहीं

राजस्थान के जाने-माने श्वांस रोग विशेषज्ञ डॉ. वीरेंद्र सिंह का कहना है- जिस तरह से कोरोना के केस आ रहे हैं, उस हिसाब से कर्फ्यू बढ़ाना ही होगा। इसके अलावा कोई रास्ता नहीं है। लोग भी अनुशासन में रहें और एक मूल मंत्र अपना लें- मास्क को वस्त्रों की तरह अपनाएं, जिस तरह हम पूरे समय वस्त्र पहने रहते हैं उसी तरह मास्क को अपनाना होगा।

कर्फ्यू आगे बढ़ाने पर फैसला जल्द, 1 या 2 मई को नई गाइडलाइन

एक्सपर्ट की राय के बाद सरकार में कर्फ्यू को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों में भी लगातार यही विचार आ रहा है। रात को हुई समीक्षा बैठक में गृह विभाग के प्रमुख सचिव अभय कुमार ने कर्फ्यू के सख्ती से पालन पर जोर दिया। कोर ग्रुप के एक्सपर्ट ने केस काबू होने तक सख्त पाबंदियां जारी रखने का सुझाव दिया है। 1 या 2 मई को गृह विभाग नई गाइडलाइन जारी करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *