जयपुर : पांच राज्यों में चुनाव खत्म होने के साथ ही एक बार फिर महंगाई का दौर शुरू हो गया है। बीते चार दिनों में शुक्रवार को तीसरी बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा किया गया। जिसके बाद जयपुर में पेट्रोल प्रति लीटर की कीमत 88 पैसे बढ़कर 109 रुपए 69 पैसे पहुंच गई। जबकि डीजल प्रति लीटर की कीमत 82 पैसे बढ़कर 93 रुपए 17 पैसे प्रति लीटर पर पहुंच गई है। इससे पहले सोमवार को पेट्रोल 87 और डीजल 88 पैसे, जबकि मंगलवार को पेट्रोल 82 और डीजल 65 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था। ऐसे में लगातार तेल के दामों में हुए इजाफे ने आम आदमी के लिए परेशानी बढ़ा दी है।
