आग लगने से डेयरी बूथ में सो रहे मालिक की मौत

जयपुर : शहर में सरस डेयरी बूथ में गुरुवार देर रात आग लग गई। आग से बूथ के अंदर सो रहे एक व्यक्ति की जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतक के बेटे ने डेयरी बूथ के सामने रहने वाले रिटायर्ड ASP राहुल वशिष्ठ पर आग लगाकर उसके पिता को मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने FSL टीम की मदद से मौके से सबूत जुटाए है। मामला मालवीय नगर इलाके का है।

SHO मालवीय नगर धर्मराज चौधरी ने बताया कि मृतक शिव चरित्र शाह (45) मूलत: बिहार का रहने वाला है। करीब एक महीने पहले ही सेक्टर-3 मालवीय नगर में सरस डेयरी बूथ लिया था। बेटे लक्ष्मण के साथ शिव चरित्र डेयरी बूथ को चलाता था। दोनों बाप-बेटे बूथ में ही सो जाते थे। गुरुवार रात बाप-बेटे बूथ में सो रहे थे। रात करीब 12:30 बजे लक्ष्मण के पास उसके दोस्त का कॉल आया। दोस्त के यहां खाना खाने के लिए वह पिता शिव चरित्र को डेयरी बूथ में सोता छोड़कर चला गया। उसके जाने के कुछ देर बाद करीब सवा एक बजे बूथ में आग लग गई।

नींद खुली तो आग की लपटों से घिरा पाया

डेयरी में आग लगने से अंदर सो रहे शिव चरित्र की नींद खुल गई। बूथ में आग की भीषण लपटों से बचने के लिए शिव चरित्र चिल्लाता रहा। बाहर से गेट की कुंदी लगी होने के कारण वह अपने आप को बचा नहीं सका। जिंदा जलने से उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमाॅर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। आग लगने की सूचना पर पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने शुक्रवार सुबह FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए। FSL रिपोर्ट पर ही आग लगने के कारण का पता चल सकेगा।

मृतक के बेटे का आरोप : ASP ने धमकाया – डेयरी बंद कर देना नहीं तो आग लगा दूंगा

मृतक के बेटे लक्ष्मण ने पुलिस को दी शिकायत में रिटायर्ड ASP राहुल वशिष्ठ पर आरोप लगाया है। उसने बताया डेयरी के सामने ही रिटायर्ड ASP रहते हैं। शाम करीब 6 बजे वशिष्ठ डेयरी पर आए थे। डेयरी के बाहर लगे थड़ी-ठेलों को उल्टा कर दिया था। धमकाया कि रात 8 बजे डेयरी बंद कर देना नहीं तो आग लगा दूंगा। आरोप है कि रिटायर्ड ASP ने पेट्रोल छिड़ककर डेयरी में आग लगाई है। अंदर पिता को मारने के लिए बाहर से कुंदी भी लगा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *