जयपुर : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नए साल के पहले दिन जरूरतमंदों को कम्बल बांटें। शनिवार रात गहलोत जयपुर में रामनिवास बाग के पीछे बने नगर निगम के अस्थायी रैन बसेरे पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को कम्बल बांटे और उनके हालचाल पूछे। एसएमएस अस्पताल के पास इस रैन बसेरे में ठहरे हुए कई लोग ईलाज के लिए दूसरे राज्यों से जयपुर आए हैं। कुछ लोगो के परिजन अस्पताल में भर्ती हैं। गहलोत ने उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र समेत दूसरे राज्यों के मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की। स्वास्थ्य और मेडिकल सुविधाओं पर फीडबैक भी लिया।
दवा और ईलाज में आ रही दिक्कतों के बारे बताया
प्रदेश के कुछ मरीजों ने गहलोत को चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना से फ्री ईलाज की जानकारी दी। लेकिन दूसरे राज्यों से आए मरीजों ने अपनी दवा और ईलाज में आ रही दिक्कतों के बारे में बताया। गहलोत ने रैन बसेरे में रह रहे महाराष्ट्र के एक मरीज राम अवतार को पूरा ईलाज फ्री मुहैया कराने के लिए जिला कलेक्टर अंतर सिंह नेहरा को मौके पर ही निर्देश दिए। पीएचईडी मंत्री महेश जोशी, विधायक रफीक खान, जयपुर हेरिटेज नगर निगम मेयर मुनेश गुर्जर, जयपुर ग्रेटर निगम मेयर शील धाबाई, पुलिस कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव, नगर निगम कमिश्नर यज्ञमित्र सिंह, अवधेश मीणा और दूसरे अधिकारी भी गहलोत के दौरे के वक्त मौजूद रहे।
ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की परेशानियों के समाधान के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने लौटते वक्त बिड़ला मन्दिर के बाहर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से बातचीत की और उनकी दिक्कतों के बारे में पूछताछ की। पुलिस कर्मियों ने ड्यूटी ऑवर्स ज्यादा होने, छुट्टी नहीं मिलने, सर्दियों में गर्म वर्दी की जरूरतों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को उनकी परेशानियों का सॉल्यूशन निकालने के निर्देश दिए।

