मेरठ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ के सलावा में UP की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने कहा कि यहां से हर साल 1000 से अधिक बेटे-बेटियां खिलाड़ियां बनकर निकलेंगी। क्रांतिवीरों की नगरी बनेगी खेल नगरी। पहले की सरकारों में यूपी में अपराधी अपना खेल खेलते थे। पहले यहां अवैध कब्जे के टूर्नामेंट होते थे। बेटियों पर फब्तियां कसने वाले खुलेआम घूमते थे। पहले की सरकार अपने खेल में लगी रहती थी। इसी का नतीजा था कि लोग पलायन को मजबूर हो गए थे। अब योगी की सरकार ऐसे अपराधियों के साथ जेल-जेल खेल रही है।’
नए भारत में सबसे बड़ा दायित्व युवाओं पर
हम 21वीं सदी में हैं। नए भारत में सबसे बड़ा दायित्व युवाओं पर है। युवा नए भारत का नेता है, नए भारत का नेतृत्व करने वाला है। जिधर युवा चलेगा-उधर भारत चलेगा। जिधर भारत चलेगा, उधर ही दुनिया चलने वाली है। आज साइंस से साहित्य तक हर तरफ युवा ही छाए हैं।
दिया संदेश- दिल्ली अब दूर नहीं
पीएम ने मेरठ में काली पलटन मंदिर में पूजा की। यह मंदिर कैंट एरिया में है। पीएम दिल्ली से ही सड़क मार्ग होते हुए एक्सप्रेस-वे से मेरठ पहुंचे। शहीद स्मारक में अमर जवान ज्योति पर शहीदों को नमन किया। मंगल पांडे की प्रतिमा पर पीएम मोदी ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। राजकीय संग्रहालय में इतिहास के पन्नों का अवलोकन किया। यहां 1857 क्रांति से जुड़ा पश्चिमी यूपी का इतिहास मौजूद है।
हमारी सरकार ने अपने खिलाड़ियों को चार शस्त्र दिए हैं: पीएम
खिलाड़ियों के सामर्थ्य को बढ़ाने के लिए हमारी सरकार ने अपने खिलाड़ियों को चार शस्त्र दिए हैं। संसाधन, ट्रेनिंग की आधुनिक सुविधा, अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर, चयन में परदर्शिता। पीएम मोदी ने कहा कि देश में खेलों के लिए जरूरी है कि हमारे युवाओं में खेलों को लेकर विश्वास पैदा हो, खेल को अपना प्रॉफ़ेशन बनाने का हौसला बढ़े। यही मेरा संकल्प भी है, और सपना भी।
पीएम मोदी ने की जिम
खेल प्रदर्शनी का निरीक्षण करने के दौरान पीएम मोदी ने व्यायाम करने वाली मशीन पर भी हाथ आजमाया। उन्होंने मशीन के बारे में जानकारी ली और व्यायाम भी करके देखा। प्रधानमंत्री खेल उपकरणों का अवलोकन करने के बाद मंच पर पहुंचे। यहां जोरदार तालियों के साथ मेरठ की जनता ने पीएम मोदी का स्वागत किया।
यूनिवर्सिटी में होंगी ये सुविधाएं
मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में फुटबॉल ग्राउंड, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी का मैदान, मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में सिंथेटिक हॉकी ग्राउंड, लॉन टेनिस कोर्ट, जिमनेजियम हॉल, सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, स्विमिंग पूल, और एक साइक्लिंग वेलोड्रोम समेत अत्याधुनिक खेल सुविधाएं होंगी। इसके अलावा एक हॉल होगा, जिसमें निशानेबाजी, स्क्वैश, जिम्नास्टिक, तीरंदाजी, कैनोइंग समेत अन्य सुविधाएं भी होंगी. यूनिवर्सिटी में 540 महिला और 540 पुरुष खिलाड़ियों समेत कुल 1,080 खिलाड़ी एक साथ प्रशिक्षण ले सकेंगे।


