जयपुर : कांग्रेस -भाजपा के बीच चल रही टेलीफोन टेपिंग की सियासत तो अभी थमी ही नहीं कि इस बीच ऑक्सीजन प्लांट की राजनीति गरमा गई। जयपुर शहर के गणगौरी बाजार स्थित अस्पताल में लग रहे ऑक्सीजन प्लांट के मामले में दोनों दल श्रेय लेने में जुटे हुए हैं। भाजपा सांसद रामचरण बोहरा के कल अचानक इस प्लांट का दौरा करने से मामले ने नया मोड़ लिया।

बोहरा की फोटो पर भोग भी लगाया
आज हवामहल से विधायक डॉ. महेश जोशी समर्थक अस्पताल के बाहर पहुंच गए और बोहरा पर तंज कसते हुए उन्होंने बोहरा की फ़ोटो को माला पहनाकर लड्डू बांटे तथा लोगों से कहा – हमारे गुमशुदा सांसद मिल गए। कल अचानक गणगौरी बाजार अस्पताल में प्रकट हुए। कांग्रेस के इन कार्यकर्ताओं का कहना था कि सरकारी मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी के अथक प्रयासों से ये ऑक्सीजन प्लांट स्थापित हुआ है।

प्लांट की पल-पल लेते रहे हैं रिपोर्ट
डॉ. जोशी इस प्लांट के स्थापित होने की पल-पल प्रगति रिपोर्ट भी अस्पताल पहुंचकर लेते रहे हैं। डॉ. जोशी समर्थकों ने शनिवार सुबह गणगौरी अस्पताल के बाहर सांसद बोहरा की फ़ोटो के समक्ष लड्डू वितरण का अनूठा प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व पीसीसी सदस्य शिव मोहन शर्मा कर रहे थे। उनके साथ गोविंद मीणा, बॉबी दांडोरिया, धर्मेंद्र प्रधान, विनय शर्मा और रवि शर्मा मौजूद थे।
