नवलगढ़। नवलगढ़ से कांग्रेस विधायक डॉ. राजकुमार शर्मा ने कहा कि नवलगढ़ के सरकारी उपजिला अस्पताल में बुधवार से चाइल्ड आईसीयू शुरु हो जाएगा। कोरोना की कोई भी लहर हो, हम सब मिलकर इसे हराएंगे। कोरोना के खिलाफ हर स्तर पर संक्रमण रोकथाम के प्रयास किए जा रहे हैं। डॉ. शर्मा मंगलवार को पंचायत समिति में कोविड समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
विधायक डॉ. राजकुमार ने कहा कि नवलगढ़ के उपजिला अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के अलावा मुकुंदगढ़ के राजकीय अस्पताल में भी 2 वेंटिलेटर लगाए जाएंगे। तीसरी लहर आने से पहले ही एहतियातन सभी व्यवस्थाएं पुख्ता की जा रही हैं।

आमजन की पेयजल व्यवस्था के लिए करीब एक दर्जन से अधिक ट्यूबवैल लगाए जाएंगे। बैठक में पालिकाध्यक्ष शोएब खत्री, उपाध्यक्ष कैलाश चोटिया व ईओ राकेश रंगा ने नगरपालिका की ओर से उपजिला अस्पताल का पार्क विकसित करने की बात कही।
विधायक डॉ. शर्मा ने कहा कि कोरोना व अन्य संक्रामक बीमारियों को देखते हुए नवलगढ़ में चिकित्सा सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। इस मौके पर प्रधान दिनेश सुंडा, एसडीओ दमयंती कंवर, तहसीलदार कपिल उपाध्याय, डीएसपी सतपालसिंह, बीसीएमओ डॉ. गोपीचंद जाखड़, पंसस सुभीता सीगड़, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन पीसी सैनी,जेईएन हंसा शर्मा, पार्षद अदनान खत्री, जावेद खान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सराहनीय कार्य- प्राइवेट में भी सिटी स्कैन सरकारी दरों पर
कोविड-19 वैश्विक महामारी के इस कठिन दौर में नवलगढ़ की आम जनता के आर्थिक भार को समझते हुए विधायक डॉ राजकुमार जी शर्मा के आग्रह और प्रेरणा से आज राजकीय उपजिला अस्पताल नवलगढ़ एवं जांगिड़ हॉस्पिटल नवलगढ़ (प्राइवेट) के मध्य एक MoU हस्ताक्षर हुआ, जिसमें यह तय हुआ है कि राजकीय उपजिला अस्पताल के रोगियों का सिटी स्कैन अब सरकारी दरों पर की जाएगी। जिसके अंतर्गत
1. HRCT Chest
2. CT PNS
3. CT Brain
इन सभी जांचों की दर राशि 1100 रुपये रखी गई है।
यह सुविधा केवल राजकीय उपजिला अस्पताल नवलगढ़ के रोगियों को अधिकृत चिकित्सक से प्रमाणित करवाने पर ही प्राप्त होंगी।
