Headlines

मोडिफाइड लॉकडाउन- 2, प्रदेश में परिवहन सेवा बहाल होगी, बाज़ारों का समय भी बढ़ेगा

जयपुर। प्रदेश में मंगलवार लॉकडाउन से अनलॉक की तरफ कई तरह की राहत लेकर आ रहा है। 8 जून से जिस दूसरे फेज की शुरुआत होगी, सरकार ने इसे मोडिफाइड लॉकडाउन- 2 का नाम दिया है। सरकार बाजार खोलने का समय बढ़ाकर 4 बजे तक कर रही है। अभी बाजार खुलने का समय 6 से 11 बजे ही है। नई गाइडलाइन में पब्लिक और प्राइवेट ट्रासंसपोर्ट को चलाने की छूट मिलना तय है। गाइडलाइन कल जारी होगी

बैठक के बाद परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने बताया कि लॉक डाउन पर भी चर्चा हुई। बाजारों का समय बढ़ाना तय है। निराश्रित बच्चों के पैकेज पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा वेक्सीनेसन और ब्लैक फंगस का मुद्दा भी चर्चा का प्रमुख विषय मंत्रिमंडल में रहा पर विस्तृत गाइड लाइन मुख्यमंत्री अंतिम रूप दे करवाएंगे।

मंत्रियों ने कहा:जीवन रक्षा और आजीविका के बीच संतुलन के साथ मिले प्रतिबंधों में छूट

सरकारी स्तर पर जारी प्रेस नोट के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रदेश में कोरोना संक्रमण की स्थिति तथा त्रिस्तरीय जन अनुशासन मॉडिफाइड लॉकडाउन-2 पर चर्चा की गई। मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने जीवनरक्षा के साथ-साथ आजीविका के लिए उचित संतुलन स्थापित करने के संबंध में सुझाव दिए।

विस्तृत दिशा-निर्देश कल

इन सुझावों के आधार पर गृह विभाग सोमवार को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगा। मंत्रिपरिषद ने केंद्र द्वारा प्रदेश में ब्लैक फंगस की दवा की अपर्याप्त आपूर्ति पर चिंता व्यक्त की और रोगियों की संख्या के अनुपात में इसकी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंध में केंद्र सरकार के साथ अधिक समन्वित प्रयास करने पर बल दिया। बैठक में प्रभारी मंत्रियों ने अपने प्रभार वाले जिलों में दौरों का फीडबैक दिया तथा तीसरी लहर की तैयारियों के बारे में अवगत कराया।

प्रतिबंधों में एक साथ छूट नहीं

बैठक में बताया गया कि राज्य सरकार के कुशल प्रबंधन तथा जन अनुशासन लॉकडाउन की प्रभावी पालना के कारण राज्य में एक्टिव रोगियों की संख्या में तेजी से कमी लाने में मदद मिली है। मॉडिफाइड लॉकडाउन के अंतर्गत विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों को कुछ छूट दी गई है। लेकिन कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। दुनिया के कई देशों में अनलॉक के बाद सक्रमण बढ़ा है और वहां तीसरी लहर आने की आशंकाएं व्यक्त की जा रही है। ऐसे में, हमें कोविड उपयुक्त व्यवहार को लगातार अपनाना होगा। चिकित्सा विशेषज्ञों की भी यह सलाह है कि लॉकडाउन के प्रतिबंधों में एक साथ छूट नहीं देकर सक्रमण की तमाम आशंकाओं को ध्यान में रखकर निर्णय किया जाना उचित होगा।

शादियों पर अभी छूट नहीं

शादियों के मामले सरकार अभी छूट देने के पक्ष में नहीं है,लेकिन कैटरिंग, हलवाई, गार्डन वालों की तरफ से मांग उठाई जा रही है कि सरकार सख्त गाइड लाइन के साथ इसमें छूट दे। नई गाइडलाइन को मंजूरी देने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंत्रीपरिषद की बैठक बुलाई गई थी। उसमें ज्यादातर मंत्रियों ने बाजार आदि के मामले में समय बढ़ाने के सुझाव दिए हैं उसे देखते हुए ही नई गाइड लाइन में दी जाने वाली छूट का अंदाजा लगाया जा रहा है। अधिकारिक सूत्रों ने भी इसकी पुष्टि की है,लेकिन विस्तृत जानकारी नई गाइड लाइन आने पर ही पता चलेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *