जयपुर। जयपुर नगर निगम में कथित हाथापाई के मामले में महापौर सौम्या गुर्जर को महापौर व निगम की सदस्यता तथा पार्षद पारस जैन , शंकर शर्मा व अजय सिंह चौहान को निगम की सदस्यता से निलंबित कर दिया गया है।
इस मामले में न्यायिक जांच की भी बात आदेश में कही गई है। यह आदेश देर रात स्वायत्त शासन विभाग की ओर से यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल के निर्देशों पर जारी किए गए। सौम्या गुर्जर ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
अरुण चतुर्वेदी को जिम्मेदारी
नगर निगम ग्रेटर आयुक्त और बीजेपी पार्षदों के बीच हुआ विवाद अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। प्रदेश भाजपा ने स्पष्ट कर दिया कि वह इस लड़ाई को कानूनी और राजनीतिक तरीके से लड़ेंगे और जरूरत पड़ी तो जनता के बीच भी इस मामले को लेकर जाया जाएगा। रविवार को इस मसले में भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में यह निर्णय लेकर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी को इस मामले में अहम जिम्मेदारी सौंपी।


