जयपुर : मुख्यमंत्री के सलाहकार और निर्दलीय विधायक संयम लोढ़ा ने सरकार के तीन साल के पूरे होने पर बधाई देते हुए इशारों में सचिन पायलट कैंप पर हमला भी बोला। संयम लोढ़ा ने ट्वीट किया कि सरकार की शुरुआत दुधारी तलवार की नोक पर। लगातार अस्थिरता सिर उठाती रही। सूरज को तो पग पग तपना ही है। “खेला होबे” तो पंचर ही रहेगा। राज्य के कोने-कोने में फैला विकास, उत्सव का भाव तो पैदा करता ही है। संयम लोढ़ा ने खेला होबे तो पंचर रहेगा लिखकर पायलट कैंप पर हमला बोला है। लोढ़ा सलाहकार बनने से पहले भी इशारों में पायलट कैंप पर हमले करते रहे हैं।
सीएम के सलाहकार के इस ट्वीट के बाद यह साफ हो गया है कि गहलोत-पायलट खेमों के बीच अंदरूनी खींचतान अब भी जारी है। संयम लोढ़ा के अलावा गहलोत समर्थक कई और नेता भी पायलट कैंप पर निशाना साधते रहते हैं।
खींचतान जारी रहने के संकेत
सीएम के सलाहकार के बयान से साफ हो गया है कि कांग्रेस में आलाकमान के दखल के बाद दोनों खेमे सियासी दिखावे के तौर पर एकजुटता के दावे भले ही करें लेकिन मतभेद और मनभेद बरकरार हैं। आगे राजनीतिक नियुक्तियों पर मतभेद और गहरा सकते हैं। पिछले दिनों रैली की तैयारी बैठक में मुख्यमंत्री भी दो बार यह कह चुके हैं कि निर्दलीय और बसपा से आने वाले विधायकों ने साथ नहीं दिया होता तो सरकार नहीं बचती, 19 विधायक तो जा चुके थे।

