दौसा : कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते सरकार की गाइडलाइन की पालना में सिद्धपीठ मेहंदीपुर बालाजी मंदिर अग्रिम आदेश तक बंद कर दिया गया है। यहां श्रद्धालुओं की बड़ी तादाद में भीड़ पहुंचने पर जिला प्रशासन की तरफ से ऐतराज दर्ज कराया गया था। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट ने अग्रिम आदेश तक मंदिर बंद करने का निर्णय लिया है। इसकी आधिकारिक घोषणा होने के बाद श्रद्धालु अपने घरों के लिए रवाना हो गए हैं।
बालाजी मंदिर ट्रस्ट सचिव एमके माथुर ने बताया सरकार द्वारा जारी कोरोना गाइडलाइन की पालना में अग्रिम आदेश तक मंदिर बंद कर दिया गया है। ऐसे में आगामी दिनों में मंदिर खुलने तक श्रद्धालु बालाजी महाराज के दर्शन नहीं कर सकेंगे। हालांकि मंदिर के बाहर एलईडी स्क्रीन लगाकर दर्शनों की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को असुविधा नहीं हो इसके लिए ट्रस्ट द्वारा माइक पर बार-बार अनाउंस कर जानकारी दी जा रही है।
