Headlines

उधार दिये रुपए वापस मांगे तो MBBS छात्र को किया किडनैप, 5 लाख की मांगी फिरौती

https://bit.ly/33S6Se1

जयपुर : शिवदासपुरा थाना पुलिस ने एमबीबीएस कर रहे छात्र का अपहरण कर पांच लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपहरण किए युवक को कुछ घंटों में ही बस्सी के तुंगा इलाके से दस्तयाब कर वारदात का खुलासा किया है। शिवदासपुरा थानाधिकारी हरिपाल सिंह ने बताया कि इस संबंध में शिवदासपुरा थाने में बाबूलाल शर्मा ने मामला दर्ज कराया था कि उसका पुत्र शोभित (18) एमबीबीएस का छात्र है और गोनेर मे किराए से मकान लेकर पढ़ाई कर रहा है।

27 जनवरी को बाबूलाल शर्मा और उनकी पत्नी के मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने बताया गया कि उन्होंने उनके पुत्र शोभित का अपहरण कर लिया है। कॉल करने वाले ने बताया कि अपने पुत्र को जिन्दा देखना चाहते हो तो पांच लाख रुपये लेकर आ जाना। वहीं इसके बारे में किसी को बताया तो शोभित को जान से मार देंगे। कॉल करने वाले ने कहा कि बस्सी के तुंगा इलाके में आकर पांच लाख रुपये देकर अपने बेटे को ले जाना। इस पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और अपहरण का मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने कॉल करने वाले मोबाईल नंबर के पते व मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर दो आरोपियों को बस्सी तुंगा के देवबंध इलाके से एक मकान से धर दबोचा। पुलिस ने शोभित को दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने कानोता के लखेसरा गांव निवासी रोहित बैरवा (21) और विशाल महावर (19) को गिरफ्तार किया है।

उधारी के पैसे मांगने पर किया किडनैप

शिवदासपुरा थाना अधिकारी हरिपाल सिंह ने बताया कि शोभित विशाल से 4 हजार रुपये उधारी के मांगता था। 27 जनवरी को जब शोभित ने विशाल से पैसे मांगे तो विशाल ने अपने एक साथी रोहित बैरवा को साथ लिया। विशाल ने रात 9 बजे शोभित को पैसे देने के लिए गोनेर बुलाया। शोभित जब गोनेर रोड पर पहुंचा तो विशाल ने पिस्टल की नोक पर शोभित को बाइक पर बीच में बैठा लिया और उसके पीछे रोहित बैठ गया।

शोभित को ​​​किडनैप कर दोनों उसे बस्सी तुंगा के देवबंध इलाके में एक मकान पर ले गए। दोनों ने शोभित के हाथ पैर बांधकर रातभर जमकर पीटा। सुबह जब पुलिस पहुंची तो शोभित के हाथ पैर बंधे हुए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और शोभित को अपरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त करवाया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विशाल इंश्योरेंस का काम करता है और रोहित डीजे का काम करता है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में काम में ली गई पिस्टल को बरामद करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *