बांसवाड़ा। बांसवाड़ा जिले के बाजवाना गांव में स्थित सीमेंट फैक्ट्री में कंस्ट्रक्शन गिरने से 20 मजदूर घायल हो गए। इनमें से कुछ मजदूरों को एमजी अस्पताल व कुछ को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया हैं। सीमेंट फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही से ये हादसा घटित हुआ बताया, हालांकि इस मामले में मजदूर भी खुलकर कुछ नहीं बता रहे। इस बीच घटना का पता चलने पर जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा व अन्य प्रशासनिक अधिकारी घायलों को देखने के लिए अस्पताल पहुंचे। घटनास्थल का भी निरीक्षण किया जा रहा है और पता लगाया जा रहा है कि ये हादसा कैसे घटित हुआ।
बांसवाड़ा के वजवाना स्थित माही सीमेंट (इंडिया सीमेंट) फैक्ट्री में मेंटेनेंस के दौरान बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री में फ्री हीटर साइक्लोन की मरम्मत के दौरान ईंटे लगाते समय प्रोटक्शन प्लेट यहां काम कर रहे लोगों पर आ गिरी। इनमें गंभीर तौर पर घायल हुए करीब 12 मजदूरों को बांसवाड़ा स्थित महात्मा गांधी जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है, जबकि बाकी मजदूरों को समीपवर्ती अस्पतालों में उपचार कराया गया। इससे पहले फैक्ट्री में हुए हादसे के दौरान बड़ी संख्या में मजदूरों के दबने की खबरें मिली। वहां मौके पर चीख पुकार मच गई।
इसके बाद फैक्ट्री की ओर से राहत कार्य कर एक-एक कर घायलों को बाहर निकाला गया। अभी किसी तरह की जनहानि का समाचार नहीं मिला है। इधर, फैक्ट्री हादसे में घायल हुए लोगों को देखने के लिए बांसवाड़ा कलेक्टर अंकित कुमार सिंह, SP राजेश कुमार मीणा, DSP सूर्यवीरसिंह राठौड़ सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। इधर, एक घायल ने बताया कि वह करीब 26 आदमी वहां मेंटेनेंस कर रहे थे, जो सभी घायल हो गए हैं। गौरतलब है कि फैक्ट्री में बीते कई दिनों से मेंटेनेंस कार्य चल रहा है। यहां बाहर से करीब 250 मजदूर आए हुए हैं।
कंपनी ने दिया यह बयान
मामले में सीमेंट कंपनी के प्लांट हेड जतेंद्र शाह ने बताया कि कंपनी में फ्री हीटर साइक्लोन मेंटेनेंस का काम चल रहा था। इस दौरान साइक्लोन में लाइनिंग कर ब्रिक्स लगाई जा रही थी। यहां मूल प्लेट के ऊपर सेफ्टी के लिहाज से अलग से प्लेटफॉर्म बनाया गया था। काम करते समय ऊपर से डस्ट गिरी, इससे डमी प्लेट स्लाइड हो गई। डस्ट के कारण अंदर लाइटिंग में अंधेरा हो गया। इससे भगदड़ मच गई। प्रोटक्शन प्लेट गिरने से हादसा हुआ है। कुल 10 जने घायल हुए हैं, जिनको उपचार के बाद छुट्टी भी मिल गई होगी।
ये बोले बांसवाड़ा DSP और कलेक्टर
इधर, अस्पताल पहुंचे DSP सूर्यवीरसिंह ने बताया कि सीमेंट फैक्ट्री में घायल करीब 10 जने अस्पताल आए हैं। अभी गढ़ी SHO को फैक्ट्री भेजा है। मौके की जानकारी जुटाकर SHO बताएगा। डॉक्टर से बातचीत हुई है। इस हिसाब से अभी कोई बहुत ज्यादा गंभीर नहीं है। वहीं कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने बताया कि घायलों की संख्या 13 बताई जा रही है। सभी खतरे के बाहर हैं। दूसरे घायलों को भी बांसवाड़ा लाया जा रहा है।


