कोटा: गुमानपुरा थाना क्षेत्र कोटा के डीसीएम रोड पर देर रात एक तेज रफ्तार कार ने दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे में दोनों बाइक उछलकर करीब 15 फीट दूर जा गिरीं। कार भी सड़क के बगल में दीवार तोड़ते हुए घर के अंदर जा घुसी। कार हादसे में 2 बच्चे समेत 5 लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इधर पुलिस अधिकारी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे। हादसे में घायल एक बाइक सवार युवक और 5 साल के मासूम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों के शव को एमबीएस की मोर्चरी में रखवाया है।
मृतक राजकुमार (27) इंदिरा गांधी नगर डीसीएम का निवासी था। वो दिन में फैक्ट्री में काम करता था। रात में अखबार के ऑफिस में काम करने जाता था। रविवार को पत्नी के करवा चौथ का व्रत था। पत्नी का व्रत खुलवाकर बाइक से ऑफिस जा रहा था। RTO ऑफिस के पास बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। राजकुमार घर में इकलौता बेटा था। 5-6 साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसके 4 साल का बच्चा है। पत्नी भी 7 माह की गर्भवती है। वहीं हादसे में घायल सकतपुरा निवासी 5 साल के शाहू की भी मौत हो गई।