उदयपुर: उदयपुर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र के बोहरा गणेश जी मंदिर से यूनिवर्सिटी जाने वाली मुख्य सड़क पर एक कॉलेज छात्र पर चाकूबाजी कर दी गई। इससे सुंदरवास के रहने वाले 22 वर्षीय आदित्य शर्मा घायल हो गया। घायल युवक को एमबी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दुपहिया वाहन सवार तीन युवकों ने कॉलेज जा रहे आदित्य पर चाकू से हमला बोल दिया। सूचना की जानकारी मिलते ही प्रताप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
प्रतापनगर के थानाधिकारी दर्शन सिंह ने बताया कि 3 युवक दुपहिया वाहन पर आए और आदित्य को कहीं ले जाने की बात कर रहे थे। मगर आदित्य ने उनके साथ जाने के लिए मना कर दिया। इस पर दुपहिया वाहन पर बैठे एक युवक ने आदित्य पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। आदित्य का एमबी अस्पताल में ईलाज चल रहा है। पुलिस फिलहाल मामले की तफ्तीश में जुटी है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही आदित्य के बयान भी पुलिस ले चुकी है। जानकारी में सामने आया कि आदित्य जर्नलिज्म का छात्र है और एग्जाम देने जा रहा था।
